*जिला जनसम्पर्क कार्यालय* *धनबाद* *दिनांक- 28 अक्टूबर 2026* *प्रेस विज्ञप्ति संख्या- 1328* *उपायुक्त ने विभिन्न प्रखंडों में सरकारी संस्थानों, विकास कार्यों तथा योजनाओं का किया नि

जिला जनसम्पर्क कार्यालय
धनबाद
दिनांक- 28 अक्टूबर 2026
विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता, विकास योजनाओं की गुणवत्ता एवं सरकारी परिसंपत्तियों के बेहतर रखरखाव पर दिया जोर
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने आज जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर विकास योजनाओं, सरकारी संस्थानों एवं जनसुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोविंदपुर प्रखंड के बड़ा नावाटांड़ तालाब, पंचायत भवन, मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र एवं पोषण वाटिका, किस्टोपुर प्राथमिक विद्यालय, बलियापुर स्थित बीबीएम कॉलेज के पुस्तकालय, निरसा के पोसाई नदी पुल एवं प्लास्टिक प्रबंधन इकाई केंद्र, धनबाद स्थित रिकॉर्ड रूम सहित विभिन्न स्थलों का जायजा लिया। साथ ही पुलिस क्वार्टर एवं थाना निर्माण के लिए चिह्नित भूमि का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, विकास कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन करने तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
*पंचायत भवन एवं पोषण वाटिका के कार्यों की सराहना*
गोविंदपुर में बड़ा नावाटांड़ पंचायत भवन के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने भवन की साफ-सफाई एवं रखरखाव का जायजा लिया। उन्होंने पंचायत भवनों को सुव्यवस्थित रखने तथा ग्रामीणों को एक ही स्थान पर आवश्यक पंचायत स्तरीय सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। पंचायत भवन को आईएसओ प्रमाणन की दिशा में आगे बढ़ाने की पहल करने की बात भी कही।
इसके बाद उन्होंने मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र एवं पोषण वाटिका का निरीक्षण किया। पोषण वाटिका में उगाई जा रही हरी सब्जियों के माध्यम से बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उन्हें पढ़ाया। इस दौरान बच्चों की समझ के अनुरूप तथा उनकी मातृभाषा को ध्यान में रखकर शिक्षा देने पर जोर दिया, ताकि वे पढ़ाई को आसानी से समझ सकें।
*प्राथमिक विद्यालय में बच्चों ने रखीं अपनी मांगें*
किस्टोपुर प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान बच्चों ने विद्यालय में चारदीवारी निर्माण, कंप्यूटर की सुविधा तथा खेल मैदान उपलब्ध कराने की मांग रखी। उपायुक्त ने बच्चों की मांगों को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यकताओं का आकलन कर नियमानुसार उचित कार्रवाई करने की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। विद्यालयों में शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और तकनीकी शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं के विकास पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
*बीबीएम कॉलेज के पुस्तकालय सहित अन्य स्थलों का लिया जायजा*
उपायुक्त ने बलियापुर स्थित बीबीएम कॉलेज में निर्माणाधीन पुस्तकालय का निरीक्षण कर उपलब्ध संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान
उन्होंने जल्द से जल्द कार्य पूरा कर पुस्तकालय प्रारंभ करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों के लिए उपयोगी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
इसके अतिरिक्त उन्होंने निरसा क्षेत्र में पोसाई नदी पुल एवं प्लास्टिक प्रबंधन इकाई केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित स्थलों की स्थिति तथा विकास कार्यों से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली और आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कदम उठाने पर बल दिया।
इसके उपरांत धनबाद स्थित रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अभिलेखों के रखरखाव एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सरकारी अभिलेखों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित रखने तथा रिकॉर्ड प्रबंधन में आवश्यक सावधानियां बरतने पर जोर दिया।
*पुलिस क्वार्टर और थाना निर्माण के लिए चिह्नित भूमि का निरीक्षण*
एग्यारकुंड प्रखंड में एसडीपीओ आवासीय परिसर,पुलिस क्वार्टर एवं थाना निर्माण के लिए चिह्नित भूमि का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रस्तावित निर्माण के लिए चिह्नित स्थल की स्थिति का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई आवश्यकताओं एवं कमियों पर गंभीरता से कार्रवाई करें। विकास योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें तथा सरकारी परिसंपत्तियों का बेहतर रखरखाव करें। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, अनुमंडल पदाधिकारी श्री लोकेश बारंगे, अपर समाहर्ता श्री प्रदीप शुक्ला, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पीएमयू की टीम सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







