आगर-मालवा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को आगर-मालवा में राष्ट्रीय एकता का अनूठा उत्साह देखने को मिला। शहर की सड़कों पर जब अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक और स्कूली विद्यार्थी एक साथ दौड़े तो पूरा माहौल देशभक्ति और एकता के रंग में रंग गया। अवसर था राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित भव्य ‘रन फॉर यूनिटी’ का।
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना के निर्देशन में कंपनी गार्डन स्थित गांधी उपवन से आयोजित इस राष्ट्रीय एकता दौड़ को संयुक्त कलेक्टर मिलिंद ढोके ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ शुरू होने से पहले गांधी उपवन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट और संयुक्त कलेक्टर मिलिंद ढोके ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई।
गांधी उपवन से विजय स्तंभ तक गूंजा एकता का संदेश
रन फॉर यूनिटी गांधी उपवन से शुरू होकर झंडा चौक, गोपाल मंदिर, सरकारवाड़ा और पुराने अस्पताल मार्ग से होते हुए विजय स्तंभ पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर दौड़ में शामिल प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। शहर की सड़कों पर उमड़ी सहभागिता ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संकल्प को नई ऊर्जा दी।
अधिकारियों से लेकर विद्यार्थियों तक दिखा उत्साह
आयोजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, एसडीएम कमल मंडलोई, डिप्टी कलेक्टर अर्पिता राय, जिला शिक्षा अधिकारी नितेश पाण्डे, कोतवाली थाना प्रभारी नागेश यादव, यातायात थाना प्रभारी सौरभ सिंह, एसडीओपी श्री पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
इसके अलावा मनीष सोलंकी, ईश्वर प्रजापति, मीना स्वर्णकार, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। शहर के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ में हिस्सा लिया।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित इस आयोजन ने एक बार फिर संदेश दिया कि देश की असली ताकत उसकी एकता, अखंडता और सामूहिक संकल्प में निहित है। आगर की सड़कों पर दौड़ते कदमों ने राष्ट्र की एकता के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।