*महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को किया रवाना

*महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को किया रवाना*
वन्दे भारत लाइव न्यूज़ झाबुआ जिला ब्यूरो सुरेश परिहार।
*एकता दौड़ के समापन पर दिलाई गई राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ*
झाबुआ, 31 अक्टूबर 2026। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय झाबुआ में ‘एकता दौड़’ (Run for Unity) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।
एकता दौड़ का शुभारंभ प्रातः 9 बजे राजगढ़ नाका झाबुआ से किया गया। शुभारंभ अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में उनके ऐतिहासिक योगदान का स्मरण किया।
*युवा पीढ़ी सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर देश को एकता के सूत्र में बांधे – मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया*
महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके योगदान एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने के लिए प्रतिवर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है। उन्होंने विशेष रूप से युवा पीढ़ी का आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के बताए मार्ग पर चलकर देश की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया।
*राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका – कलेक्टर डॉ. भरसट*
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के अथक परिश्रम एवं दृढ़ संकल्प से देश की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ आधार मिला। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र के साथ-साथ झाबुआ जिले की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में सक्रिय योगदान दें।
जिलाध्यक्ष श्री भानु भूरिया ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने दृढ़ नेतृत्व एवं संकल्प से देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके योगदान के कारण ही उन्हें लौह पुरुष के रूप में सम्मान प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि हम सभी को सरदार पटेल के आदर्शों पर चलते हुए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने तथा जिले में एकता, भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
इसके पश्चात महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया। राजगढ़ नाका से प्रारंभ हुई एकता दौड़ पुलिस लाइन तिराहा एवं कलेक्टर कार्यालय होते हुए जेल चौराहा झाबुआ पर संपन्न हुई। दौड़ में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
एकता दौड़ के समापन अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई गई। इस दौरान सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को बनाए रखने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से प्रेरणा लेते हुए एकजुटता, भाईचारे एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







