छठ महापर्व की लोक आस्था और परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए करम टोली तालाब में हुआ विशेष फोटो-वीडियो शूट

रांची। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक खूबसूरती को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रांची के करम टोली तालाब में विशेष फोटो एवं वीडियो शूट का आयोजन किया गया। भगवा नारी सेना की संस्थापक अध्यक्ष पिया बर्मन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में छठ महापर्व की परंपराओं, पूजा-विधि, व्रत के नियमों और इससे जुड़ी जनभावनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर भगवा नारी सेना की संस्थापक अध्यक्ष पिया बर्मन एवं छात्र क्लब ग्रुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव किशोर शर्मा ने बताया कि भगवा नारी सेना की ओर से पिछले कई वर्षों से लगातार इस तरह का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य केवल छठ पर्व की सुंदर तस्वीरें और वीडियो तैयार करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना और महापर्व के वास्तविक स्वरूप, अनुशासन, पवित्रता एवं महत्व से परिचित कराना है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व बिहार, झारखंड सहित देश के विभिन्न हिस्सों में पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है। यह पर्व प्रकृति, जल, सूर्य और पर्यावरण के प्रति सम्मान का संदेश देता है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और प्रातःकालीन अर्घ्य की परंपराओं का विशेष महत्व है। स्वच्छता, संयम, शुद्धता, समर्पण और सामूहिक सहभागिता इस पर्व की प्रमुख विशेषताएं हैं।
फोटो एवं वीडियो शूट के दौरान छठ महापर्व से जुड़ी विभिन्न पारंपरिक गतिविधियों, पूजा की तैयारियों, व्रतियों की श्रद्धा, पारंपरिक परिधान, पूजन सामग्री, सूप एवं दउरा तथा सूर्य उपासना की भावनाओं को कैमरे में कैद किया गया। इसके माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक संस्कार, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का अनुपम प्रतीक है।
पिया बर्मन ने कहा कि आज के डिजिटल युग में फोटो और वीडियो के माध्यम से अपनी परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। हमारा प्रयास है कि छठ महापर्व की वास्तविक खूबसूरती और परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों के लिए संजोकर रखा जाए। आयोजन के जरिए पर्व के पीछे छिपी आस्था, भावनाओं और सांस्कृतिक संदेश को भी समाज तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
इस विशेष आयोजन में कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा और भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से छठ महापर्व की आस्था, श्रद्धा एवं सांस्कृतिक खूबसूरती को जीवंत करने का प्रयास किया। कार्यक्रम में श्वेता सिंह, संदीपिका रॉय, सोनू कुमार भोक्ता, कुमकुम शर्मा, नेहा सिंह राजपूत, अंजलि सिंह, चांदनी सिंह, रागिनी राखी, सोनी झा एवं आंचल महली ने कलाकारों के रूप में अपनी सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का फिल्मांकन निखिल स्टूडियो द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में गिरिजा शंकर पेड़ीवाल, स्नेहा एवं चंद्रमणि सिंह का विशेष सहयोग रहा।
अंत में पिया बर्मन ने समाज के सभी लोगों से छठ महापर्व को श्रद्धा, स्वच्छता, पवित्रता और पर्यावरण संरक्षण की भावना के साथ मनाने की अपील की।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







