आगरा में छात्रा ने बॉयफ्रेंड से कराई टीचर की हत्याः बोली- अश्लील फोटो से ब्लैकमेल कर रहे थे, गला काटकर ब्लैकबोर्ड पर लिखा- रेपिस्ट

आगरा में मैथ टीचर की हत्या कोचिंग की पूर्व छात्रा ने बॉयफ्रेंड से कराई थी। छात्रा का आरोप है कि टीचर उसकी अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेल करता था।
आरोपी बॉयफ्रेंड ने 2 नवंबर को कोचिंग में टीचर की गला काटकर हत्या की थी। वारदात के बाद ब्लैकबोर्ड पर 'ओपी यादव रेपिस्ट' लिखा और टीचर का मोबाइल और स्कूटी लेकर फरार हो गया।
वारदात के 4 दिन बाद कोचिंग के बेसमेंट में टीचर ओमप्रकाश यादव (50) का शव मिला था। शरीर पर गहरे जख्म थे। गला कटा था। पुलिस ने टीचर की कॉल डिटेल खंगाली तो पता चला कि एक मोबाइल नंबर पर उनकी लगातार बात होती थी।
जांच में पता चला कि यह नंबर पूर्व छात्रा का था। पुलिस ने छात्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। मामला जगदीशपुरा थाना क्षेत्र का है।
टीचर ओमप्रकाश यादव मूलरूप से कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के कठिका गांव के रहने वाले थे। वह 30 साल से आगरा में रह रहे थे। उनकी शादी नहीं हुई थी।
उन्होंने आवास विकास कॉलोनी में अपना घर बना रखा था। वह सेक्टर-7 स्थित शिवालिक कैंब्रिज स्कूल में पढ़ाते थे। साथ ही सेक्टर-3 के वीएस प्लाजा में कोचिंग चलाते थे।
2 नवंबर को वह कोचिंग पहुंचे, लेकिन घर नहीं लौटे। घरवालों ने उनकी तलाश की, मगर वह नहीं मिले। 6 नवंबर को कोचिंग से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जगदीशपुरा थाना पुलिस की टीम बीएस प्लाजा पहुंची।
कोचिंग सेंटर का दरवाजा खोला तो पुलिस को अंदर शिक्षक का शव पड़ा मिला। शव क्षत-विक्षत हालत में था। आसपास काफी खून फैला था, जो सूख चुका था।
कोचिंग के ब्लैकबोर्ड पर मार्कर से 'ओपी यादव रेपिस्ट' लिखा मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। शुरुआती रिपोर्ट में टीचर के शरीर पर चोट के 9 निशान मिले। इनमें 7 धारदार हथियार के थे।
जांच में पता चला कि टीचर का मोबाइल और स्कूटी गायब है। इसके बाद पुलिस ने उनके मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल खंगाली। इसमें पूर्व छात्र का नाम सामने आया।
पुलिस ने छात्रा को पूछताछ के लिए बुलाया। उसने पहले पुलिस को गुमराह किया। कहा- सर बहुत अच्छे थे। लेकिन जब पुलिस ने उसे कॉल डिटेल और मैसेज दिखाए तो वह रोने लगी। उसने बताया कि टीचर ने स्नैपचैट से उसकी अश्लील फोटो बना ली थीं।
छात्रा ने कहा- फोटो दिखाकर वह मुझे ब्लैकमेल करते थे। अश्लील मैसेज भेजते थे। मैं टीचर की हरकतों से बहुत परेशान हो गई थी। फिर मैंने यह बात अपने बॉयफ्रेंड निखिल को बताई।
छात्रा ने बताया कि निखिल 2 नवंबर को चाकू लेकर टीचर से मिलने कोचिंग गया था। उसने टीचर को समझाया और कहा कि उसकी गर्लफ्रेंड को परेशान न करें। लेकिन टीचर ने निखिल को हड़का दिया।
वह उसे डांट रहे थे, तभी निखिल ने जेब से चाकू निकाला और टीचर का गला काट दिया। गले पर वार होते ही टीचर लहूलुहान होकर फर्श पर गिर पड़े और तड़पने लगे। इसके बाद निखिल ने चाकू से उनकी छाती, सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए। उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद निखिल वहां से भाग गया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







