आजाद चौक की ऑयल पेंट दुकान में भीषण आग, निगम के दमकल अमले ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
रात 9:09 बजे सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, छह राउंड पानी की बौछार से बुझाई आग; निगमायुक्त तपस्या परिहार ने मौके पर रहकर संभाली कमान
कटनी। शहर के आजाद चौक स्थित आस्था क्लीनिक के बाजू में संचालित परामशील ट्रेडर्स की ऑयल पेंट दुकान में शुक्रवार रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। दुकान में बड़ी मात्रा में ऑयल पेंट एवं अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही नगर निगम का अग्निशमन अमला सक्रिय हुआ और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात 9:09 बजे आग लगने की सूचना नगर निगम के फायर अमले को मिली। दमकल वाहन तत्काल घटनास्थल पहुंचा और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दुकान लगभग 8 फुट चौड़ी और 150 फुट लंबी होने के कारण फायर कर्मियों को आग बुझाने में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए छह राउंड पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित किया।
निगमायुक्त ने मौके पर रहकर संभाली कमान
घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहीं। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करते हुए अधिकारियों और अग्निशमन कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखने और आग को फैलने से रोकने के लिए समन्वित प्रयास किए गए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।
एक घंटे में आग पर पाया काबू, जनहानि नहीं
नगर निगम के अग्निशमन अमले की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते लगभग एक घंटे में आग पूरी तरह बुझा दी गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, अग्निशमन कर्मियों द्वारा समय-समय पर किए जाने वाले अभ्यास और मॉक ड्रिल का अनुभव इस आपात स्थिति में काफी उपयोगी साबित हुआ।
कार्रवाई के दौरान कोतवाली थाना पुलिस की टीम, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, फायर इंचार्ज एवं सहायक यंत्री मृदुल श्रीवास्तव सहित नगर निगम का अग्निशमन दल मुस्तैदी से मौजूद रहा।
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7 — जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाईव न्यूज
📞 7509747686