सात साल से फरार स्थाई वारंटी पवन उर्फ शनि ठाकुर गिरफ्तार, चार मामलों में पुलिस को थी तलाश
दो स्थाई और दो गिरफ्तारी वारंट थे जारी, सुभाष चौक की गलियों में भागने की कोशिश नाकाम, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
कटनी। जिले में फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सात साल से फरार चल रहे आरोपी पवन उर्फ शनि ठाकुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध न्यायालय से दो स्थाई वारंट और दो गिरफ्तारी वारंट जारी थे। पुलिस को चार अलग-अलग आपराधिक मामलों में उसकी लंबे समय से तलाश थी।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में फरार वारंटियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 25 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी सुभाष चौक के आसपास बाजार में घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपी सुभाष चौक स्थित यूनियन बैंक की गली में जाता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने गलियों के रास्ते भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
हत्या के प्रयास सहित चार मामलों में था आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन उर्फ शनि ठाकुर (26), पिता सुरेश ठाकुर, निवासी शेर चौक, जालपा मढ़िया के पास कटनी के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली थाने में वर्ष 2019 और 2020 के दौरान अपराध क्रमांक 558/19, 746/19, 249/20 एवं 698/20 दर्ज हैं। इन मामलों में हत्या के प्रयास और अवैध रूप से पैसों की मांग करने जैसे आरोप शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह, पुष्पराज सिंह एवं आरक्षक दीपक तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
—
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7-जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाईव न्यूज
📱 7509747686