परीक्षा केंद्र में बेटी के शामिल होने के बावजूद पिता को बनाया केंद्राध्यक्ष, जांच की मांग

परीक्षा केंद्र में बेटी के शामिल होने के बावजूद पिता को बनाया केंद्राध्यक्ष, जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने शिक्षा मंडल और जिला कलेक्टर को सौंपा आवेदन
उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कराने की भी उठाई मांग
बलौदाबाजार/
शिकायतकर्ता पदुम टंडन, निवासी ग्राम चूचुटिया, ने सत्र 2025 की हायर सेकेंडरी मुख्य अवसर परीक्षा में कथित अनियमितता को लेकर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल और जिला कलेक्टर से शिकायत की है। उन्होंने मामले की जांच कर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आशीष शर्मा वर्तमान में उत्कृष्ट विद्यालय सिंगर में व्याख्याता (लैब) के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके भाई आशुतोष शर्मा शासकीय बालक उत्तर माध्यमिक विद्यालय संगम में प्रभारी प्राचार्य हैं। शिकायत के अनुसार, जुलाई 2025 में आयोजित हायर सेकेंडरी मुख्य अवसर परीक्षा में आशीष शर्मा की बेटी शुभीक्षा शर्मा ने निजी परीक्षार्थी के रूप में अपने चाचा आशुतोष शर्मा के विद्यालय से परीक्षा फॉर्म भरा था। आरोप है कि परीक्षा के लिए उसे उसी विद्यालय में केंद्र आवंटित हुआ, जहां उसके पिता आशीष शर्मा केंद्राध्यक्ष और प्रभारी प्राचार्य के रूप में कार्यरत थे।शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि शुभीक्षा शर्मा परीक्षा शुरू होने के करीब एक घंटे बाद केंद्र पहुंचती थीं, उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर करती थीं और घर चली जाती थीं। उनका यह भी आरोप है कि उत्तर पुस्तिका में उत्तर लिखने का काम आत्मानंद स्कूल के अन्य शिक्षकों से कराया गया। शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ संबंधित उत्तर पुस्तिकाओं और परीक्षा अभिलेखों की जांच करने की मांग की है।शिकायत में परीक्षा केंद्रों के लिए जारी दिशा-निर्देशों का भी हवाला दिया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देशों में प्रावधान है कि यदि केंद्राध्यक्ष या पर्यवेक्षक का कोई निकट संबंधी उसी केंद्र में परीक्षा दे रहा हो, तो संबंधित व्यक्ति को वहां केंद्राध्यक्ष या पर्यवेक्षक नियुक्त नहीं किया जाना चाहिए। इसके बावजूद आशीष शर्मा को केंद्राध्यक्ष बनाए जाने पर शिकायतकर्ता ने सवाल उठाए हैं।
इस संबंध में परीक्षा सत्र 2025 में सहायक केंद्राध्यक्ष रहीं गीता लहरे ने बताया कि आशीष शर्मा की बेटी ने इसी विद्यालय के परीक्षा केंद्र में परीक्षा दी थी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान उन्हें पिता-बेटी के संबंध की जानकारी नहीं थी, इसकी जानकारी उन्हें बाद में हुई।
इस संबंध में आशीष शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। मामले में शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा मंडल का पक्ष प्राप्त नहीं हुआ है। शिकायत पर जांच और विभागीय प्रतिक्रिया के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
*संबंधितों से एवं खंड शिक्षा अधिकारी से प्रतिवेदन मांगा है किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती हैं तो उसे पर उचित कार्रवाई की जाएगी*
शिवकुमार गेंदले
जिला शिक्षा अधिकारी
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






