
केतार (गढ़वा)। थाना क्षेत्र के चौरा गांव में सोमवार की रात आयोजित एक शादी समारोह उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब जयमाला के बाद डीजे बजाने को लेकर बाराती और घराती पक्ष के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना में दुल्हन समेत बाराती पक्ष के आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौरा गांव निवासी ददई पासवान की पुत्री खुशबू कुमारी की शादी पलामू जिले के पांडेपुरा (उंटारी प्रखंड) निवासी दशरथ पासवान के पुत्र राजू कुमार के साथ तय हुई थी। सोमवार की रात बारात धूमधाम से चौरा गांव पहुंची और जयमाला की रस्म भी संपन्न हो गई। इसी दौरान डीजे बजाने को लेकर किसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
उपद्रवियों ने वाहनों में की तोड़फोड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट के दौरान कुछ उग्र लोगों ने बारातियों पर हमला कर दिया और मौके पर खड़ी कई चारपहिया गाड़ियों को निशाना बनाते हुए उनमें जमकर तोड़फोड़ की। वाहनों के शीशे टूटने और स्थिति बिगड़ने के बाद बारातियों में दहशत फैल गई। खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया और जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि शादी की रस्में पूरी नहीं हो सकीं और बाराती बिना विवाह संपन्न हुए ही रात में बैरंग वापस लौटने लगे।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही केतार थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा उपद्रवियों की पहचान में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित पक्ष की ओर से थाना में लिखित शिकायत देने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







