
खाचरौद के सर्वेयरों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
रबी फसल गिरदावरी का लंबित भुगतान कराने और सुरक्षा बीमा कवच देने की मांग
खाचरौद 31 अगस्त 2026
खाचरौद तहसील के समस्त सर्वेयरों ने सोमवार को अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर तहसीलदार महोदय को ज्ञापन सौंपा। सर्वेयरों ने ज्ञापन के माध्यम से लंबित भुगतान सहित कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की।
सर्वेयरों ने बताया कि उनके द्वारा राजस्व विभाग के अंतर्गत फसल गिरदावरी सहित विभिन्न कार्य किए जाते हैं। रबी फसल वर्ष 2025-26 में उनके द्वारा गिरदावरी का कार्य पूर्ण किया गया था, लेकिन वर्तमान दिनांक तक उक्त कार्य का भुगतान उन्हें प्राप्त नहीं हुआ है। सर्वेयरों ने लंबित भुगतान का तत्काल निराकरण कर भुगतान करवाने की मांग की।
इसके साथ ही आगामी खरीफ फसल गिरदावरी वर्ष 2026-27 के भुगतान को लेकर भी मांग रखी गई कि गिरदावरी का कार्य पूर्ण होने के 30 से 45 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि सर्वेयरों को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन में सर्वेयरों ने सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्या भी उठाई। उन्होंने कहा कि फसल गिरदावरी के दौरान उन्हें खेतों में जाकर कार्य करना पड़ता है, जहां प्राकृतिक जीव-जंतुओं से नुकसान होने की आशंका बनी रहती है। ऐसी स्थिति में किसी सर्वेयर के साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना या शारीरिक हानि होने पर सुरक्षा बीमा कवच उपलब्ध कराया जाए। साथ ही कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा किट उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




