सदर अस्पताल में विशाल ओवेरियन सिस्ट का सफल ऑपरेशन

धनबाद के सदर अस्पताल में आज एक महिला मरीज के पेट में मौजूद अत्यंत बड़े ओवेरियन सिस्ट का सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर उसे निकाल दिया गया।
अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद ने बताया कि पूनम देवी (44) पति राजू रविदास चांदितुडीह, मलकेरा, के चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान सिस्ट का आकार लगभग 36 सप्ताह की पूर्ण-गर्भावस्था के बराबर प्रतीत हो रहा था। अल्ट्रासोनोग्राफी में इसे बड़े ओवेरियन सिस्टएडेनोमा के रूप में रिपोर्ट किया गया था।
बताया कि मरीज के अनुसार पिछले लगभग छह महीनों से उन्हें अपने पेट में धीरे-धीरे किसी गोलाकार गांठ या गेंद जैसी संरचना महसूस हो रही थी। समय के साथ पेट का आकार बढ़ने लगा तथा पेट फूलने की शिकायत भी होने लगी। जांच कराने पर पेट में एक बहुत बड़ा ओवेरियन सिस्ट पाए जाने के बाद मरीज ने उपचार के लिए सदर अस्पताल का रुख किया।
मरीज ने डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, से परामर्श लिया। आवश्यक जांच तथा इमेजिंगकी जांच के बाद मरीज को ऑपरेशन के लिए तैयार किया गया। आज आवश्यक सभी जांच के पश्चात ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया तथा विशाल ओवेरियन सिस्ट को निकाल दिया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक एवं सामान्य बताई गई है और वह चिकित्सकीय निगरानी में है।
उन्होंने बताया कि इस उपचार की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि मरीज को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपचार का लाभ प्राप्त हुआ। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मरीज को इस जटिल एवं बड़े ऑपरेशन के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवार को बड़ी राहत मिली।
सदर अस्पताल, धनबाद में लगातार विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। अस्पताल का उद्देश्य है कि धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सरकारी व्यवस्था के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं किफायती चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हों। सदर अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने कहा कि पेट का लगातार बढ़ना, पेट में गांठ महसूस होना अथवा लगातार पेट में तकलीफ़ जैसी शिकायतों को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक जांच से ऐसी स्थितियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





