आगर-मालवा। नलखेड़ा क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले सभी आठ मृतकों के परिजनों को प्रदेश शासन की ओर से कुल 32 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि का भुगतान कर दिया गया है। प्रशासन ने राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 एवं मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान के तहत स्वीकृत राशि मृतकों के वारिसों के बैंक खातों में अंतरित की है।
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने बताया कि हादसे के बाद प्रशासन ने आवश्यक औपचारिकताएं तेजी से पूरी करते हुए सभी पात्र वारिसों को स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान सुनिश्चित किया। हादसे में मृत ओडिशा निवासी सात लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए तथा आगर जिले के एक मृतक के वारिस को भी चार लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है।
ओडिशा निवासी मृतक शिव प्रसाद बेहरा के भाई निरंजन प्रसाद बेहरा ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार हादसे में मृत ओडिशा के सभी सात लोगों के वारिसों के खातों में चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि प्राप्त हो गई है। उन्होंने त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए आभार जताया। कलेक्टर ने हादसे में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।