नीमचक बथानी में एक दिवसीय पशु स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन, 87पशुपालकों ने उठाया लाभ l

प्रेस विज्ञप्ति
(जीविका)
नीमचक बथानी में एक दिवसीय पशु स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन, 87 पशुपालकों ने उठाया लाभ
नीमचक बथानी, 29 सितंबर 2026: ग्रामीण पशुपालकों को बेहतर पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा पशुपालन संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जीविका द्वारा नीमचक बथानी प्रखंड के ग्राम रुरहुई फील्ड, पंचायत मई स्थित बेसिक हाई स्कूल के समीप एक दिवसीय पशु स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन बढ़ते कदम महिला जीविका स्वावलंबी सहकारी समिति के माध्यम से किया गया.
शिविर में पशु चिकित्सकों द्वारा विभिन्न पशुओं की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशु स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा पशुपालकों को पशुओं की देखभाल, रोग पहचान एवं रोकथाम संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना था।
शिविर के दौरान लंपी स्किन रोग, कृमिनाशन (डीवॉर्मिंग), जख्म उपचार, बुखार, बांझपन, खुरपका-मुंहपका रोग, थनैला रोग, सर्दी-जुकाम तथा सर्रा जैसी बीमारियों का उपचार किया गया। इसके अतिरिक्त पशुओं में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने हेतु आवश्यक दवाएं एवं परामर्श दिए गए। पशुपालकों को पशुओं के उचित रखरखाव, संतुलित पोषण और नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
शिविर में कुल 87 पशुपालक किसानों ने भाग लिया। इस दौरान 428 गाय एवं भैंसों तथा 45 बकरियों का उपचार कर आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। पशु चिकित्सक द्वारा पशुओं की स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ कृमिनाशक दवाएं, टीकाकरण संबंधी परामर्श एवं विभिन्न रोगों की रोकथाम के उपाय भी बताए गए।
ग्रामीणों का उत्साह उल्लेखनीय रहा तथा उन्होंने शिविर में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में जीविका कर्मियों एवं समुदाय आधारित कैडरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उपमुखिया श्री सतीश कुमार ने नीमचक बथानी में एक दिवसीय पशु स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर की तारीफ करते हुए कहा की इस तरह का आयोजन पशुओं के इलाज एवं पशुपालक किसानों को जागरूक करने के लिए जरुरी है। जीविका द्वारा आयोजित यह शिविर ग्रामीण पशुपालकों के लिए लाभकारी सिद्ध हुआ तथा पशुधन के बेहतर स्वास्थ्य एवं उत्पादकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। ग्रमीणों ने इसका लाभ उठाया है।
इस अवसर पर मुखिया श्रीमती अर्चना कुमारी, उपमुखिया श्री सतीश कुमार, पशुपालन पदाधिकारी डॉ. शशि शेखर प्रसाद, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम) किसलय कुमार, एलएचएस नीतीश कुमार, संकुल स्तरीय संघ अध्यक्ष अनिता देवी, एमबीके रंजीत कुमार तथा सामुदायिक समन्वयक उपेंद्र कुमार सहित अनेक ग्रामीण एवं पशुपालक उपस्थित रहे। जीविका जिला कार्यालय से प्रबंधक पशुधन प्रभात कुमार एवं प्रबंधक संचार दिनेश कुमार ने भाग ले परियोजना कर्मियों का हौसला बढ़ाया।
रिपोर्टर -त्रिलोकी नाथ गयाजी बिहार
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






