नहर में डूबने से युवती की मौत, बचाने कूदीं दो बालिकाएं गंभीर

कपड़े धोने और नहाने के दौरान पैर फिसलने से हुआ हादसा, बचाने पहुंचीं बालिकाएं भी गहरे पानी में फंसीं
दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरुखाड़ गांव में बुधवार अपराह्न करीब तीन बजे नहर में जमा पानी में नहाने और कपड़े धोने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबी 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई। उसे बचाने के लिए नहर में कूदीं दो पड़ोसी बालिकाएं भी पानी में डूबने लगीं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को बाहर निकाला। दोनों बालिकाओं को अचेत अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जोरुखाड़ निवासी खुशबू (22) पुत्री पप्पू पनिका घर के समीप स्थित नहर में जमा पानी में नहाने और कपड़े धोने गई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। खुशबू को डूबता देखकर पास मौजूद पड़ोसी बालिकाएं राधा (16) पुत्री अशोक भारती और आरती (12) पुत्री सुरेश पनिका उसे बचाने के लिए नहर में कूद गईं।
पानी की गहराई अधिक होने के कारण तीनों पानी में फंस गईं और डूबने लगीं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक खुशबू की हालत गंभीर हो चुकी थी। ग्रामीण उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उसकी मौत हो गई।
वहीं, अचेत अवस्था में मिलीं राधा और आरती को ग्रामीण निजी साधन से तत्काल सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे। चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह की देखरेख में दोनों का उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक पानी पेट में चले जाने के कारण राधा की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही विंढमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, खुशबू दो बहनों में सबसे बड़ी थी और उसके दो छोटे भाई हैं। बताया गया कि वह पिछले करीब ढाई वर्षों से अपने घर से लगभग दो किलोमीटर दूर रिश्तेदारी में रहकर जीवन यापन कर रही थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







