कांठ में किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू टिकैत ने की पंचायत

कांठ तहसील के नयागांव अकबरपुर चैदरी में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में किसानों ने फसल नुकसान, रामगंगा नदी के कटान, अतिक्रमण, स्मार्ट मीटर और राजस्व विभाग से संबंधित समस्याएं उठाईं। पंचायत के बाद किसानों ने तहसीलदार कांठ कपिल कुमार आजाद को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
भाकियू टिकैत के जिला मंत्री डॉ. सुशील कुमार यादव ने कहा कि कांठ खादर क्षेत्र में रामगंगा नदी के कटान से किसानों की भूमि और फसल प्रभावित हुई है। ऐसे किसानों के केसीसी ऋण माफ कराने तथा लगातार बारिश से बर्बाद हुई फसलों का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की गई। किसानों ने फसल नुकसान के आकलन में भी सही जांच कराने की मांग रखी। पंचायत में राष्ट्रीय सचिव डॉ. नौ सिंह, जिलाध्यक्ष घनेंद्र शर्मा आदि ने भी विचार व्यक्त किए।
तहसीलदार कांठ कपिल कुमार आजाद को दिए ज्ञापन में कांठ नगर में सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने, गन्ना सीजन शुरू होने से पहले यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने, रोडवेज बसों का संचालन सुचारु कराने, खराब स्मार्ट मीटर हटाकर नए मीटर लगवाने, थाने के सामने ट्रैफिक चेकिंग के नाम पर उत्पीड़न रोकने की मांग की गई। इसके अलावा पुराने वाहनों के संचालन पर रोक लगाने तथा राजस्व विभाग द्वारा फसल नुकसान का सही आकलन कराने की मांग भी उठाई गई।
भाकियू पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन तहसील कांठ में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। पंचायत में जिला मंत्री डॉ. सुशील कुमार यादव, ब्लॉक अध्यक्ष अनिल कुमार उर्फ अंगद चौधरी, समरपाल सिंह, वीर सिंह ढाका, सुदेश कुमार, अनोज कुमार, नागेंद्र सिंह, तेजपाल सिंह, रामौतार सिंह, सुरजीत ढाका आदि रहे। संचालन जिला मंत्री डॉ. सुशील कुमार यादव ने किया।
Report: Pankaj Kumar, Kanth ✍️
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







