अंधे कत्ल का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

अंधे कत्ल का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
रहटगांव। थाना रहटगांव पुलिस ने बड़ीझिरी-बोबदा रोड पर मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई थी।
जानकारी के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को वन विभाग के बीट गार्ड ने पुलिस को सूचना दी कि ग्राम बड़ीझिरी-बोबदा रोड पर बड़ीझिरी के आगे एक अज्ञात व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग क्रमांक 55/26, धारा 194 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान राहगीरों से मिली जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान बंदीमालोर निवासी राजू कलम, पिता रामबिलास के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को अस्पताल पहुंचाया। जांच में हत्या के तथ्य सामने आने पर मर्ग को अपराध में परिवर्तित करते हुए अपराध क्रमांक 413/26, धारा 103 बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक शंशाक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा के निर्देशन तथा थाना प्रभारी रहटगांव मनोज कुमार दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान हत्या के पीछे अवैध संबंध का मामला सामने आया।
पुलिस ने संदेह के आधार पर चुन्नीलाल पिता बुद्ध परते (45 वर्ष), निवासी बंदीमालोर तथा रतन पिता मन्नी परते (60 वर्ष), निवासी बांसपानी से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि राजू कलम उनके ससुराल आया था, जिसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और मोटरसाइकिल से शव को बंदीमालोर और बड़ीझिरी के बीच सड़क किनारे छोड़कर चले गए।
गिरफ्तार आरोपी
1. चुन्नीलाल पिता बुद्ध परते, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम बंदीमालोर।
2. रतन पिता मन्नी परते, उम्र 60 वर्ष, निवासी बांसपानी।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
प्रकरण के खुलासे में उनि मनोज दुबे, थाना प्रभारी रहटगांव, उनि कौशल दीक्षित, प्र.आर. गजेन्द्र यादव, प्र.आर. प्रदीप रघुवंशी, आरक्षक महेन्द्र, सोनू चोरे, महिला आरक्षक ललिता, अश्वनी सहित थाना रहटगांव पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






