सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों को वितरित किए सहायक उपकरण, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने किया संवाद

सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 *प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों के हितार्थ विधायक शैलेंद्र कुमार जैन एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने सामाजिक न्याय विभाग के अंतर्गत संचालित दिव्यांग पुनर्वास केंद्र पहुंचकर दिव्यांगजनों से मुलाकात की तथा उनसे आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को जाना और उन्हें सहायक उपकरण एवं यंत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों को 3 मोबाइल फोन, अन्य को 1 कान की मशीन, 1 बैसाखी, 1 व्हीलचेयर एवं 1 छड़ी सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इन उपकरणों का उद्देश्य दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में सुविधा प्रदान करने के साथ उनकी गतिशीलता, संचार एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि दिव्यांगजन हमारे समाज का अभिन्न अंग हैं। उनकी प्रतिभा, क्षमता और आत्मविश्वास को उचित अवसर एवं सहयोग मिले, तो वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना सकते हैं।
हमारा दायित्व है कि हम उनकी आवश्यकताओं को समझें और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जरूरतमंदों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प है।
दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराना इसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग का भाव रखते हुए उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आगे आना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा, संवेदना और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की सहायता करना सेवा संकल्प अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने से उनके दैनिक कार्यों में सुविधा होगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों की सहायता करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे सेवा कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास निरंतर जारी रहना चाहिए।
कार्यक्रम में मनीष चौबे, नीरज यादव, नितिन सोनी, डॉ. राजुल सिंघई, प्रहलाद राय, शानू हर्ष, पिंटू रैकवार सहित अन्य उपस्थितजन एवं दिव्यांग साथी मौजूद रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






