आगर-मालवा। विजयादशमी पर्व के अवसर पर 20 अक्टूबर को आगर-मालवा की नई पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार कार्यक्रम में शामिल होकर विधि-विधान से शस्त्र पूजन करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेशभर के सभी जिलों में दशहरे पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आगर-मालवा में मंगलवार सुबह 10:30 बजे नई पुलिस लाइन में कार्यक्रम होगा।
कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी सहित जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
दशहरे पर शस्त्र पूजन की परंपरा शक्ति, साहस और धर्म की रक्षा के संकल्प का प्रतीक मानी जाती है। इस अवसर पर शस्त्रों का विधिवत पूजन कर विजयादशमी का पर्व मनाया जाएगा।