आगर-मालवा। रबी सीजन में सिंचाई व्यवस्था और किसानों की मांगों को लेकर 21 अक्टूबर को जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना की अध्यक्षता में सुबह 10 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में होने वाली इस बैठक में रबी सिंचाई वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों का निर्धारण किया जाएगा।
बैठक में रबी सिंचाई वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों की समीक्षा के साथ आगामी रबी सीजन के लिए किसानों की सिंचाई संबंधी मांगों पर चर्चा होगी। इसके अलावा वर्ष 2026-27 के लिए सिंचाई के लक्ष्य निर्धारित करने के संबंध में विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री एवं जिला जल उपयोगिता समिति के सचिव अनमोल टोप्पो ने समिति के सभी सदस्यों से बैठक में उपस्थित होने का आग्रह किया है। बैठक में लिए जाने वाले निर्णय जिले में रबी फसलों के लिए सिंचाई व्यवस्था की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण होंगे।