हाथरस सिकंदराराऊ में रावण दहन स्थल का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, दशहरा मेले की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

हाथरस सिकंदराराऊ भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने के निर्देश सिकंदराराऊ । विजयदशमी पर्व के अवसर पर सिकंदराराऊ नगर पालिका परिषद के क्रीड़ा स्थल पर आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम एवं दशहरा मेले के दृष्टिगत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने रावण दहन स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मेले में सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। रावण दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी प्रबंध किए जाएं तथा किसी भी स्थिति में अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेले के दौरान भीड़ बढ़ने की स्थिति में बाहरी वाहनों को बाईपास मार्ग से निकाला जाए, जिससे नगर में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार विद्युत आपूर्ति बंद करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।
सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस सेवा, अग्निशमन विभाग, यातायात पुलिस, स्थानीय पुलिस एवं मजिस्ट्रेटों की समुचित तैनाती सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को सक्रिय रखें।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को विजयदशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी से इस पावन पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है।
सभी जनपदवासी पर्व की गरिमा बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें तथा शांति एवं सद्भाव के वातावरण में त्योहार मनाएं। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सिकंदराराऊ, क्षेत्राधिकारी पुलिस सिकंदराराऊ, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सिकंदराराऊ सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे राजकुमार संपादक हाथरस
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







