आगर-मालवा, 29 अक्टूबर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को जोड़ने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष शिविरों और घर-घर सर्वे के माध्यम से बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) पात्र नागरिकों से संपर्क कर रहे हैं। इस दौरान नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया समझाने के साथ फॉर्म-6 भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 165 सुसनेर के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 144 पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से छूटे पात्र नवीन मतदाताओं को फॉर्म-6 वितरित किए गए। वहीं, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 166 आगर के मतदान केंद्र क्रमांक 48, ग्राम गुड़भेली और तहसील सुसनेर के मतदान केंद्र लोहारिया में भी पात्र नागरिकों को जागरूक कर आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
कोई भी पात्र नागरिक न रहे मताधिकार से वंचित
अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए निर्वाचन अमला लगातार लोगों से संपर्क कर उन्हें आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी दे रहा है। पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।