आगर-मालवा, 29 अक्टूबर। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक निराश्रित गोवंश के लिए नगर पालिका और पशु चिकित्सा विभाग की तत्परता जीवनरक्षक साबित हुई। गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे पेट्रोल पंप के सामने दुर्घटना में घायल हुए गोवंश को नगर पालिका के रेस्क्यू दल ने तत्काल उपचार के लिए पशु चिकित्सालय पहुंचाया। यहां चिकित्सकों की टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ऑपरेशन किया। सफल उपचार के बाद गोवंश को माधव गौशाला में शिफ्ट कर दिया गया, जहां उसकी देखरेख और आगे का इलाज जारी है।
पिछले पैर की हड्डी पूरी तरह टूटी, करना पड़ा ऑपरेशन
उपसंचालक पशुपालन डॉ. महेश जारोलिया ने बताया कि दुर्घटना में गोवंश के आगे के पैर के खुर में गंभीर चोट आई थी, जबकि पिछले पैर में मेटाटार्सल हड्डी के पास फ्रैक्चर हो गया था। चोट की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उपचार की जरूरत थी।
सूचना मिलते ही नगर पालिका आगर का रेस्क्यू दल मौके पर पहुंचा। वाहन चालक शिव और अन्य कर्मचारियों ने सावधानीपूर्वक घायल गोवंश को उठाकर पुराने पशु चिकित्सालय परिसर पहुंचाया।
चिकित्सकों ने किया सफल अंगच्छेदन
पुराने पशु चिकित्सालय परिसर में डॉ. अरविंद महाजन और सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी मनोज चौहान ने घायल गोवंश का परीक्षण किया। स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने ऑपरेशन का निर्णय लिया। टीम ने गोवंश के गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त पिछले पैर का एम्प्युटेशन (अंगच्छेदन) ऑपरेशन किया। ऑपरेशन सफल रहने के बाद गोवंश की स्थिति स्थिर बताई गई।
माधव गौशाला में जारी है देखरेख
ऑपरेशन के बाद नगर पालिका के दल ने गोवंश को सुरक्षित रूप से माधव गौशाला पहुंचाया। यहां उसकी उचित देखभाल और आगे का उपचार किया जा रहा है। नगर पालिका और पशु चिकित्सा विभाग के संयुक्त प्रयास से घायल निराश्रित गोवंश को समय पर उपचार मिल सका। यह घटना पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की अहमियत को भी रेखांकित करती है।