सीटीआई संजय सोनकर ने पेश की मानवता की मिसाल, तत्परता से बचाई घायल यात्री की जान।

सीटीआई संजय सोनकर ने पेश की मानवता की मिसाल, तत्परता से बचाई घायल यात्री की जान।
ललितपुर। रेलवे में ड्यूटी के साथ-साथ मानवता और सेवा भाव का परिचय देते हुए सीटीआई संजय सोनकर ने एक बार फिर सराहनीय कार्य किया। उनकी सूझबूझ और तत्परता से चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए 19 वर्षीय यात्री की समय रहते मदद हो सकी और उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 12642 हजरत निजामुद्दीन–कन्याकुमारी एक्सप्रेस के कोच एस-5 की सीट नंबर 41 पर 19 वर्षीय आयान हजरत निजामुद्दीन से चेन्नई तक की यात्रा कर रहा था। इसी दौरान ट्रेन ललितपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर एक मिनट के लिए रुकी। बताया गया कि ललितपुर इस ट्रेन का निर्धारित ठहराव नहीं था। इसी बीच यात्री आयान पानी भरने के लिए ट्रेन से नीचे उतर गया। अचानक ट्रेन चलने लगी, जिसके बाद उसने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीटीआई संजय सोनकर अपने टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए घायल यात्री को सुरक्षित उठवाया और एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया गया। राहत की बात यह रही कि समय पर सहायता और उपचार मिलने से यात्री अब पूरी तरह स्वस्थ एवं सुरक्षित है।
इस सराहनीय मानवीय कार्य में सीटीआई संजय सोनकर के साथ हिमांशु गुप्ता (सीनियर सीटीसी), मनीष शुक्ला (सीटीआई) मौजूद रहे। वहीं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिन्हा ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सीटीआई संजय सोनकर एवं उनकी टीम की इस तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है। यह घटना साबित करती है कि ड्यूटी निभाने के साथ-साथ मानवता के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी सच्ची सेवा है। संकट की घड़ी में समय पर उठाया गया एक कदम किसी की जिंदगी बचाने में अहम साबित हो सकता है।
मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है और जरूरतमंद की मदद करना ही सच्ची सेवा है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







