PET परीक्षा को लेकर महराजगंज कस्बे में 12 घंटे भारी वाहनों की नो-एंट्री, चार स्थानों पर डायवर्जन –
01 नवंबर को छह परीक्षा केंद्रों पर होगी PET-2026 की परीक्षा, सुबह 7 से शाम 7 बजे तक लागू रहेगा प्रतिबंध –
महराजगंज।
उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए महराजगंज पुलिस ने यातायात डायवर्जन लागू किया है। आगामी 01 नवंबर को महराजगंज कस्बे के छह परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। इसके मद्देनजर कस्बे में भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए 01 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक महराजगंज कस्बे में भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों की नो-एंट्री लागू रहेगी।
पुलिस द्वारा यातायात नियंत्रण के लिए चार स्थानों पर नो-एंट्री एवं डायवर्जन पॉइंट निर्धारित किए गए हैं। इनमें सिंदुरिया, शिकारपुर, झनझनपुर और पकड़ी चौकी शामिल हैं। इन स्थानों से भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
हालांकि, आपातकालीन सेवाओं और रोडवेज यात्री बसों के संचालन पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। जनपद पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने तथा परीक्षा के दौरान जाम की स्थिति से बचने में सहयोग करने की अपील की है।