**आगर-मालवा।** जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुसनेर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 30.07 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल और नकदी सहित कुल 3 लाख 80 हजार 150 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को सहायक उप निरीक्षक दरबार सिंह जादौन को सूचना मिली थी कि ग्राम श्यामपुरा निवासी दो व्यक्ति हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से स्मैक लेकर मोड़ी की ओर से सुसनेर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र पंचों की मौजूदगी में वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर मोड़ी चौराहे से आगे एमपीईबी ग्रिड के पीछे मोड़ी रोड से परसुलिया की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद बताए गए हुलिए के अनुसार मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली। इस दौरान पीछे बैठे गोकुलसिंह की पेंट की जेब में रखी पारदर्शी प्लास्टिक की थैली से 30.07 ग्राम मटमैले रंग का पाउडरनुमा पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने इसे स्मैक बताते हुए इसकी कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवीसिंह (45) पिता इंदरसिंह सौंधिया और गोकुलसिंह (40) पिता दानुसिंह सौंधिया, दोनों निवासी ग्राम श्यामपुरा, थाना सुसनेर के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है, और 150 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सुसनेर में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। मामले में स्मैक की उपलब्धता, उसके स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट एवं एसडीओपी सुसनेर देवनारायण यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार मालवीय के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना सुसनेर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही।