त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 70 किलो से अधिक अमानक खाद्य सामग्री कराई गई नष्ट

गढ़वा। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन जांच अभियान चलाया। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा एवं अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह अभिहित अधिकारी के निर्देश पर 3 नवंबर को गढ़वा एवं रमना प्रखंड के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई दुकानों, किराना दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्र एवं विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन की जांच की गई। इस दौरान 70 किलोग्राम से अधिक अमानक एवं एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। वहीं, बिना लाइसेंस दुकान संचालित करने वाले कारोबारियों को नोटिस जारी किया गया।
गढ़वा बाजार समिति में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री (गढ़वा-1) एवं अनुरुद्ध राय (गढ़वा-2) ने विभागीय टीम के साथ विभिन्न थोक एवं खुदरा खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान महेंद्र राम टी स्टॉल, दिलीप किराना स्टोर, सारा दाल चावल एवं दिलीप कुमार गुप्ता ट्रेडर्स को बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस दुकान संचालित करने के आरोप में नोटिस जारी किया गया।
जांच के दौरान इम्तियाज खां जनरल स्टोर से मदर्स मेड हल्दी पाउडर, ओम हरि ओम ट्रेडर्स से राजेंद्र हल्दी पाउडर, फुल मोहम्मद अंसारी से सोनम चावल, जय शंकर ट्रेडर्स से गुड़, राजा राम एंड सन्स ट्रेडर्स से एसएमपी गोल्ड लाल मिर्च पाउडर तथा कश्यप रूद्रा ट्रेडर्स से मसूर एवं अरहर दाल के नमूने लिए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान राजा राम एंड सन्स ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान से 25 किलोग्राम एक्सपायरी मसाला बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को नोटिस जारी किया गया। खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया गया कि वे बिना वैध खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के कारोबार नहीं करें तथा खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम-2006 एवं पैकेजिंग और लेबलिंग विनियम-2011 के प्रावधानों का पालन करें।
इधर, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी किरण हेम्ब्रम ने रमना प्रखंड के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं सरकारी संस्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने संतोष मिष्ठान, सूरज किराना दुकान, अनु होटल एंड मिष्ठान भंडार, सुप्रिया स्वीट्स, मनोज प्रसाद किराना स्टोर, मानदोहर आंगनबाड़ी केंद्र एवं पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय, सिलिदाग-01 में जांच अभियान चलाया।
इस दौरान संतोष मिष्ठान में रसगुल्ला, लड्डू, बर्फी और डोडा सहित लगभग 45 किलोग्राम अमानक मिठाइयां पाई गईं, जिन्हें तत्काल नष्ट कराया गया। दुकानदार को भविष्य में इस तरह की खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। वहीं, सूरज किराना दुकान में खाद्य सुरक्षा लाइसेंस चस्पा नहीं पाया गया। दुकान से GME ब्रांड की 15 पैकेट मूंग दाल जब्त कर नष्ट कराई गई।
अनु होटल एवं मिष्ठान भंडार तथा सुप्रिया स्वीट्स के कारखानों की जांच में गंदगी पाई गई। इस पर संचालकों को तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया गया। वहीं, मानदोहर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र निरीक्षण के दौरान बंद पाया गया। इसके अलावा पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय, सिलिदाग-01 में संचालित मध्याह्न भोजन योजना की भी जांच की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सभी खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा केवल FSSAI मानकों के अनुरूप खाद्य योजक एवं प्रमाणित रंगों का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया। साथ ही अनावश्यक रंगों के प्रयोग से बचने और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के सभी प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी गई।
विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिले में जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






