सिंगरौली: तीन दिवसीय दीपावली मेले की सुरक्षा व्यवस्था का एसपी ने लिया जायजा।

सिंगरौली: तीन दिवसीय दीपावली मेले की सुरक्षा व्यवस्था का एसपी ने लिया जायजा।
अग्निशमन वाहन,एंबुलेंस एवं पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के दिए निर्देश।
(जिला ब्यूरो चीफ सिंगरौली अमरेन्द्र शुक्ला की खबर)
सिंगरौली: माड़ा थाना क्षेत्र में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय दीपावली मेले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा ने माड़ा मंदिर परिसर, मेला स्थल एवं आसपास के बाजार क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास मार्गों की व्यवस्था, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे करने को कहा। एसपी ने आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए मेला स्थल पर अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा ने मंदिर परिसर एवं बाजार क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी तथा पुलिस बल की प्रभावी तैनाती के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए रास्ते सुगम रखने और पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने एसडीएम नंदन तिवारी, थाना प्रभारी माड़ा शिवपूजन मिश्रा एवं यातायात प्रभारी रोशनी केशरवानी को आपसी समन्वय स्थापित कर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि तीन दिवसीय दीपावली मेले में आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में दर्शन एवं मेले का आनंद ले सकें तथा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






