”अगर इस बार लाठी मारेंगे, गोली मारेंगे तो भी पीछे नहीं हटेंगे”, गन्ने के रेट पर चढूनी की सरकार को सीधी चेतावनी

Sandeep Sharma District Reporter Kurukshetra Haryana
यमुनानगर के सरस्वती शुगर मिल पर किसानों का धरना जारी है। कल मुख्यमंत्री नायब सैनी से बातचीत बेनतीजा रहने के बाद आज किसान यूनियन के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने धरना स्थल पर मीडिया से बातचीत की। उन्होंने गन्ने के रेट को लेकर सरकार को सीधी चेतावनी दी है।
आज धरना स्थल पर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने मीडिया के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि किसानों की मांग है कि गन्ने का रेट बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। पिछले 6 सालों से गन्ने का रेट बिल्कुल नहीं बढ़ा है या मामूली बढ़ा है। इसका नतीजा ये है कि किसी मिल पर 2 महीने का, किसी पर 3 महीने का, किसी पर 4 महीने का गन्ना रह गया है।"
चढूनी ने कहा कि सरकार के अपने आंकड़ों के हिसाब से ही गन्ने की लागत 455-460 रुपये आती है। अबकी बार अगर चीनी के भाव से तुलना करें तो हमारा रेट 600 रुपये बनता है। सरकारी आंकड़ों से तुलना करें, कंट्रोल बोर्ड की मीटिंग से पहले अधिकारियों की मीटिंग में जो खर्चा आया है, वो 455-460 रुपये आया है। मोदी जी के वादे पर जाएं कि लागत का डेढ़ गुना देंगे, तो 450 की लागत का डेढ़ गुना 700 रुपये बन गया। हम तो 600 ही मांग रहे हैं।
चढूनी ने कहा कि सरकार ने लागत में ट्यूबवेल और मशीनरी का खर्चा नहीं जोड़ा है। उसके अंदर वो खर्चे नहीं जोड़े गए जो हमारा 10-15 साल में ट्यूबवेल बैठ जाता है और फिर 4 लाख लगता है। जो हमारी मशीनरी है, 10 किले में 10 लाख का सामान है, उसका ब्याज कितना पड़ा, वो चीज उसमें नहीं जोड़ी गई। तो आप 15 रुपये-20 रुपये बढ़ाया, इसको कैसे पॉसिबल हो सकता है?"
चढूनी ने सरकार को समझाया कि अगर गन्ना घटा तो धान बढ़ेगा, और धान बढ़ेगा तो सरकार का ही नुकसान होगा।मान लिया एक मिल से 1000 एकड़ गन्ना पट गया और उस गन्ने की जगह धान लगता है तो एक एकड़ धान में सरकार की 5-6 हजार रुपये की बिजली लगती है।
अबकी बार धान ज्यादा हुआ तो सरकार ने खरीदने से इंकार कर दिया। मंडियों में धान पड़ा है, खरीद बंद कर दी। वो कहते हैं हमारे पास ज्यादा हो गया। अब उसका संतुलन अगर बनाना है तो गन्ने का भाव बढ़ाना पड़ेगा। और दूसरा रास्ता नहीं है।"
चढूनी ने पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि पंजाब का रेट हरियाणा से कई गुना ज्यादा आएगा। कल पंजाब का रेट अभी नहीं आया लेकिन आएगा, और कंफर्म इनसे कई गुना ज्यादा बढ़ेगा। जब पंजाब का रेट कई गुना ज्यादा बढ़ेगा तो फिर हरियाणा का मुख्यमंत्री पंजाब में जा के क्या बोलेगा? इसीलिए हम मुख्यमंत्री जी से कहना चाहते हैं कि अपनी इज्जत अपने हाथ, हम अच्छा आदमी मानते हैं, रेट बढ़ाएं। ये हरियाणा के फायदे में है, ये किसान के फायदे में है, शुगर मिलों के फायदे में है।"
चढूनी ने सरकार को खुली चुनौती दी कि वो अधिकारियों के साथ बैठकर तर्क कर ले। सरकार अपने सारे अधिकारियों को साथ में बिठा लें। आप बैठे और हमें बैठाएं। तर्क भी तर्क वो कर लें कि किस आधार पे उन्होंने 15 रुपये बढ़ाया। चीनी महंगी होगी, वो कहते हैं। 70 प्रतिशत चीनी उद्योग में जा रही है। 5 मेंबरों के परिवार को साल में 60 किलो चीनी नहीं लगती। 60 किलो चीनी का अगर 1200 रुपये पड़े, 1200 रुपये का मतलब है 100 रुपये प्रति महीना। क्या 100 रुपये प्रति महीने में महंगाई बढ़ गई?"
आखिर में चढूनी ने सबसे बड़ा ऐलान किया। कल 17 तारीख को मिल चालू होनी है, लेकिन उन्होंने कहा कि कोई किसान गन्ना नहीं देगा। कोई मिल नहीं चलने देंगे हरियाणा के अंदर। कोई मिल हरियाणा के अंदर नहीं चलने देंगे क्योंकि हरियाणा के किसान की डिमांड है कि इस बार हम गन्ना इस भाव पर नहीं देंगे। रोकेंगे जनता के बल पे रोकेंगे। कोई किसान गन्ना नहीं देगा। हम जागरूक कर रहे हैं लोगों को। घर-घर जा के, गांव-गांव जा के हम जागरूक कर रहे हैं कि इस भाव में गन्ना हम ना बेचेंगे ना आगे बीजेंगे।"
चढूनी ने ये भी कहा कि अगर प्रशासन बल प्रयोग करता है तो किसान पीछे नहीं हटेंगे। अगर प्रशासन बल प्रयोग करता है, उनका बल उठेंगे। कोई पहली बार कर रहा है बल प्रयोग हमारे पे, वो तो बार-बार करते हैं। कर लें बल प्रयोग, लाठी मारेंगे, गोली मारेंगे, जेल ले जाएंगे, जो करना है करें। हम अपना अधिकार मांग रहे हैं। हम देश हित की बात कर रहे हैं, वो देश को बर्बाद करने की बात कर रहे हैं।"
तो गुरनाम सिंह चढूनी ने साफ कर दिया है कि जब तक 600 रुपये रेट नहीं मिलेगा, तब तक धरना जारी रहेगा और मिल नहीं चलने दी जाएगी। अब देखना होगा कि सरकार इस चेतावनी के बाद क्या कदम उठाती है। क्या सरकार रेट बढ़ाएगी, या फिर आंदोलन और तेज होगा?
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







