संवैधानिक मूल्य शिक्षा नीति का ह्रदय स्थल – प्रो. चाँद किरण सलूजा

सागर, वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* डॉक्टर हरीसिंह गौर केन्द्रीय विश्वविद्यालय सागर के जीवनपर्यंत शिक्षा विभाग एवं विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के द्वारा संचालित मालवीय शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में सामाजिक समावेशन एवं समावेशी नीतियाँ विषय पर आयोजित सात दिवसीय अल्पावधि कोर्स का आज अंतिम दिवस था | आज के प्रथम एवं द्वितीय सत्रों में सभी प्रतिभागियों ने अपनी रूचि एवं विषय विशेषज्ञता के अनुसार विभिन्न विषयों पर अपना पॉवर पॉइंट प्रस्तुतीकरण दिया |
पहले सत्र की अध्यक्षता जीवनपर्यंत शिक्षा विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. चिट्टीबाबू पुच्चा द्वारा तथा दूसरे सत्र की अध्यक्षता डिग्री कॉलेज प्रयागराज उत्तरप्रदेश के अर्थशास्त्री प्रो.
आनंद कुमार द्वारा की गई | समापन सत्र में संस्कृत प्रमोशन फाउंडेशन नई दिल्ली के अकादमिक निर्देशक प्रो. चाँद किरण सलूजा ने ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020: समावेशन का संकल्प-पत्र’ विषय पर अपने बीज वक्तव्य में बताया कि शिक्षा नीति का सम्पूर्ण दस्तावेज़ समावेशन को आत्मसात करता है | हमारे संविधान में समाहित समता, समानता, बंधुता एवं न्याय संबंधी समावेशी मूल्य इस शिक्षा नीति का ह्रदय स्थल हैं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक सार्वभौमिक पहुँच सुनिश्चित करने का लक्ष्य नीति की इसी समावेशी दृष्टि का परिचायक है | इसलिए शिक्षा नीति राष्ट्र निर्माण में सभी की भागीदारी को महत्वपूर्ण मानती है | इस संदर्भ में प्रो.
सलूजा ने प्रसिद्द नीतिज्ञ ‘चाणक्य’ के हवाले से कहा कि कोई भी व्यक्ति अयोग्य नहीं होता, आवश्यकता केवल उसकी इन क्षमताओं को पहचानने, स्वीकारने और विकसित करने की है | उन्होंने बताया कि शिक्षा, सामाजिक न्याय व समानता प्राप्त करने का सशक्त माध्यम है | इसलिए यह शिक्षा नीति एक ऐसी शिक्षा व्यवस्था की परिकल्पना करती है जिसमें हर व्यक्ति को सपने संजोने, विकास करने एवं राष्ट्र हित में अपना अवदान देने का अवसर प्राप्त हो सके | ऐसा वास्तव में हो सके इसके लिए हमें एक ऐसे शिक्षणशास्त्र की जरूरत है जिसका आधार यह जानना व समझना हो कि ‘कैसे सीखा जाए’ न कि ‘क्या सीखा जाए’| ‘भाषा’ ऐसे शिक्षणशास्त्र का एक मजबूत आधार होती है | इसलिए यह शिक्षा नीति भाषा को कोई साधारण संदर्भ नहीं मानती बल्कि उसे विद्यार्थियों को सशक्त बनाने की एक प्रक्रिया के तौर पर अंगीकृत व अभिव्यक्त करती है | लेकिन इन सबके बावजूद अवसरों की जानकारी का अभाव, आर्थिक बाधाएं एवं परीक्षाएं पास करने के लिए मानसिक दबाव जैसी स्थितियां अभी भी सीखने-सिखाने की प्रक्रिया में अवरोध उत्पन्न करती हैं | इसलिए यह शिक्षा नीति परीक्षा एवं मूल्यांकन जैसे शब्दों का इस्तेमाल करने के बजाय आंकलन को महत्त्व देती है और न सिर्फ एक शब्दावली के तौर पर बल्कि व्यावहारिक धरा पर अंकलन को अपनाने की सिफारिश करती है | क्योंकि शिक्षा का लक्ष्य सिर्फ ऊँची- ऊँची उपाधियाँ अथवा नौकरियां अर्जित करना नहीं है अपितु शिक्षा के माध्यम से अच्छे इंसान का निर्माण करना है जो तर्क संगत विचार और कार्य करने में सक्षम होने के साथ-साथ करुणा, सहानुभूति, साहस, लचीलेपन, वैज्ञानिक चिंतन व रचनात्मक शक्ति तथा नैतिक मूल्य व आदर्शों से भी अछूते न रहें| अर्थात् यह शिक्षा नीति समावेशन की संकल्पना को अच्छे इंसान के गुणों व मानवीय मूल्यों के साथ भी सम्बद्ध करती है | इसलिए यह शिक्षा नीति हमें एक अच्छी शैक्षिक संस्था के मायने भी स्पष्ट तौर पर समझाती है और कहती है कि अच्छी शैक्षिक संस्था वह है जो हर विद्यार्थी का स्वागत करे, उसे एक सुविधायुक्त, प्रेरक एवं सकारात्मक अधिगम वातावरण प्रदान करे और उसके अनुभवों व ज्ञान का सम्मान करते हुए हर विद्यार्थी का सीखना सुनिश्चित करे | क्योंकि समावेशन का सवाल केवल ससाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर देने से हल नहीं हो जाता बल्कि यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि हम भिन्नताओं को समाविष्ट करने के लिए तैयार हैं अथवा नहीं | विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की स्टीयरिंग कमेटी की अध्यक्ष प्रो. सुषमा यादव ने ‘सामाजिक न्याय हेतु शिक्षा’ विषय पर अपने अतिथि उद्बोधन में कहा कि समाजिक न्याय व समावेशन के लिए शिक्षा एकमात्र उपकरण है और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 भी शिक्षा के महत्त्व को बखूबी स्वीकार करती है | उन्होंने प्रो.
सलूजा की बात को पुनः रेखांकित करते हुए कहा कि समावेशन व न्याय की स्थापना शिक्षा प्रक्रिया में सभी की भागीदारी के बिना संभव नहीं है, इसलिए यह नीति किसी भी आधार पर अंतरों के बावजूद भी सभी के लिए सीखने के अवसर देने की अनिवार्यता पर गंभीरता से सरोकार रखती है, इसलिए इस शिक्षा नीति का मूल सिद्धांत ही सभी की योग्यताओं व क्षमताओं की का सम्मान करना है | अपने व्याख्यान के अंत में प्रो. यादव ने आव्ह्वान करते हुए कहा कि समावेशन की यह प्रवृत्ति सैद्धानिक एवं व्यावहारिक धरातल पर दैनिक कार्यों से लेकर कक्षा-कक्षीय अभ्यासों, खेल के मैदानों, छात्रावासों आदि सभी स्थानों पर झलकनी चाहिए | ताकि सभी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करते हुए आत्मनिर्भर भारत के इस बृहद विजन को साकार करने में अपनी भूमिका निभा सकें | अतिथि उद्बोधन के पश्चात प्रतिभागी डॉ.
संगमित्रा द्वारा पूरे सात दिवसीय कार्यक्रम का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया तथा प्रतिभागियों इस कार्यक्रम के संदर्भ में प्रतिपुष्टि प्राप्त की गई | कार्यक्रम की अध्यक्षता, निदेशक अकादमिक कार्य प्रो. अनिल कुमार जैन द्वारा की गई, सत्र संचालन एवं स्वागत वक्तव्य कार्यक्रम समन्वयक डॉ.
योगेश कुमार पाल ने किया | कार्यक्रम के अंत में मालवीय शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के निर्देशक प्रो. आर.टी.
बेदरे ने सभी आमंत्रित अतिथियों व उपस्थित प्रतिभागियों का औपचारिक आभार व्यक्त किया |
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







