नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार विजयकांत दीक्षित ‘बब्बू भैया’, बलौदाबाजार से दिल्ली तक पत्रकारिता जगत में शोक

नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार विजयकांत दीक्षित ‘बब्बू भैया’, बलौदाबाजार से दिल्ली तक पत्रकारिता जगत में शोक
बलौदाबाजार। वरिष्ठ एवं ख्यातिलब्ध पत्रकार विजयकांत दीक्षित (बब्बू भैया) के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
उनका निधन न केवल मीडिया जगत, बल्कि उनके गृह अंचल बलौदाबाजार के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है। वे उन चुनिंदा प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों में शामिल थे, जिन्होंने एक छोटे से कस्बे से पत्रकारिता की शुरुआत कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की।
देशबंधु से राष्ट्रीय मीडिया तक का सफर
विजयकांत दीक्षित ने अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत दैनिक 'देशबंधु' रायपुर के बलौदाबाजार संवाददाता के रूप में की थी। अपनी लेखनी और कार्यकुशलता के दम पर उन्होंने जल्द ही अपने कार्यक्षेत्र का विस्तार करते हुए लखनऊ और नई दिल्ली तक पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय मुकाम हासिल किया।
अपने लंबे करियर में वे 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'नवभारत टाइम्स' जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय समाचार पत्रों तथा 'आईबीसी-24' जैसे प्रमुख समाचार चैनलों से जुड़े रहे। उन्होंने नवभारत टाइम्स मुंबई में उत्तर प्रदेश के स्टेट हेड सहित कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
उनकी धर्मपत्नी रागिनी दीक्षित भी एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। राष्ट्रीय राजनीति के दिग्गजों से रहे निकट संबंध
विजयकांत दीक्षित का संपर्क क्षेत्र अत्यंत व्यापक था।
राष्ट्रीय राजनीति के अनेक प्रमुख नेताओं से उनका निरंतर संवाद और गहरा परिचय रहा। वे पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह (वीपी सिंह) और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव सहित देश के कई दिग्गज राजनेताओं के निकट संपर्क में रहे।
बलौदाबाजार की धरती से निकलकर देश के बड़े मीडिया संस्थानों में अपनी छाप छोड़ने वाले दीक्षित का व्यक्तित्व और पत्रकारिता का सफर नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा। प्रेस क्लब बलौदाबाजार ने दी श्रद्धांजलि
वरिष्ठ पत्रकार के निधन पर बलौदाबाजार प्रेस क्लब के अध्यक्ष नरेश गनशानी एवं सचिव दलजीत सिंह चावला सहित जिले के समस्त पत्रकारों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
पत्रकार साथियों ने दिवंगत आत्मा को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से पुण्यात्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







