रेवाड़ी (सुरेश सिहाग )थाना खोल पुलिस ने गांव मंदोला स्थित एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सचिन उर्फ गोलू निवासी गांव मंदोला व नितीश कुमार उर्फ नैनी निवासी गांव खोल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी सचिन की निशानदेही पर चोरीशुदा सामान में से एक घड़ी बरामद कर ली है तथा दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मामले का विवरण
जांचकर्ता ने बताया की गत 21 नवंबर को राजस्थान के जिला कोटपूतली बहरोड़ के गांव सिरयानी निवासी संजय कुमार ने थाना खोल पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उसके जीजा यशपाल का मकान गांव मंदोला में स्थित है, जो पिछले लगभग तीन वर्षों से अपने परिवार सहित बाहर रहते हैं, जिसके चलते मकान बंद रहता है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, गत 18/19 नवंबर 2026 की रात कुछ अज्ञात चोरों ने उसके जीजा यशपाल के बंद मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान से एक चांदी की मूर्ति, सिक्के, एक म्यूजिक सिस्टम, एक घड़ी तथा अन्य घरेलू सामान चोरी करके ले गए थे। इस घटना की सूचना शिकायतकर्ता को उसकी बहन पिंकी ने फोन के माध्यम से दी थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना खोल में चोरी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार को इस वारदात में शामिल दो आरोपियों सचिन उर्फ गोलू व नितीश कुमार उर्फ नैनी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने गांव मंदोला के बंद मकान में चोरी की उक्त वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पूछताछ के दौरान आरोपी सचिन की निशानदेही पर चोरी की गई घड़ी बरामद कर ली गई है।
न्यायिक कार्रवाई
आवश्यक पूछताछ व कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में चोरीशुदा अन्य सामान की बरामदगी एवं आगे की जांच जारी है।