केशकाल में महीने भर से अधिक दिनों से जारी हड़ताल के समर्थन में भव्य रैली, पदाधिकारियों ने भरी हुंकार

केशकाल।
विगत महीने भर से अधिक दिनों से लगातार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे राजस्व निरीक्षक संघ एवं केशकाल विकास खंड के पटवारी साथियों के समर्थन में कर्मचारी-अधिकारी संगठनों के पदाधिकारियों ने पहुंचकर आंदोलन को मजबूती प्रदान की। इस दौरान हड़ताल स्थल पर पहुंचे पदाधिकारियों का साथियों ने गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया, जिसके पश्चात सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई का आह्वान किया।
पदाधिकारियों ने रखे तीखे तेवर
कार्यक्रम में प्रांतीय सह संयोजक केदार जैन ने कहा कि किसी भी आंदोलन की सफलता का पैमाना तब तय होता है जब शासन उसे दबाने, डराने या कुचलने का प्रयास करता है। उन्होंने इतने लंबे समय तक हड़ताल को बनाए रखने के लिए कर्मचारियों को बधाई दी और बताया कि राज्य संयोजक कमल वर्मा व जिला संयोजक निर्मल शार्दूल के नेतृत्व में आंदोलन जारी है।
कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन जिला कोंडागांव के पूर्व सह संयोजक लोकेश गायकवाड़ ने पदोन्नति को कर्मचारियों का अधिकार बताते हुए कहा कि सरकार ने पूर्व में सेवाकाल में 4 स्तरीय वेतनमान या 4 बार पदोन्नति देने की घोषणा की थी, लेकिन अब वह अपने वादे से मुकर रही है। उन्होंने अंतिम समय तक हक की लड़ाई लड़ने की बात कही।
विकास खंड संयोजक श्याम लाल कोर्राम ने इतिहास के संदर्भों का हवाला देते हुए कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाना चाहिए। वहीं, सचिव अमित मंडावी ने शासन की नीतियों की आलोचना करते हुए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। उपाध्यक्ष गिरजा शंकर साहू ने 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता घोषित होने के बावजूद निर्धारित तिथि से एरियर्स की राशि नहीं दिए जाने पर राज्य शासन की आलोचना की।
रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन
सभा को तहसील अध्यक्ष धनोरा विवेक सिंह, बड़ेराजपुर के लक्ष्मीकांत सरल तथा वन विभाग के कर्मचारियों ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण अध्यक्ष दिलीप नेताम ने दिया और कार्यक्रम का संचालन मंजुल घोड़ेस्वर ने किया। संबोधन के पश्चात कर्मचारियों ने रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर नायब तहसीलदार गणेश सिदार को ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर राजेंद्र ध्रुव, पी.सी. देहारी, प्रदीप नेताम, ओम प्रकाश चंद्राकर, ईश्वर चंद्राकर, हायर सेकेंडरी सिंगनपुर की महिला स्टाफ रेवती मंडावी, यादव, देव मैडम सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी-अधिकारी उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







