जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन, सात विद्यालयों की टीमें बनीं विजेता; अब राज्य स्तर पर दिखाएंगी प्रतिभा

धारूहेड़ा ( सुरेश सिहाग )शहीद दीनदयाल सीएम ईईई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मसानी में जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विज्ञान, नवाचार और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में SCERT से डॉ. अनीता जी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेंद्र शर्मा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ (DSS) श्रीमती रीनू यादव तथा विद्यालय की प्राचार्या डॉ. नम्रता सचदेवा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रदर्शनी में कुल सात थीमों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने अपने विज्ञान मॉडल, प्रयोगात्मक प्रस्तुतियां एवं नवाचार प्रदर्शित किए। मूल्यांकन के लिए सात सदस्यीय निर्णायक मंडल नियुक्त किया गया, जिसमें डॉ. कविता, डॉ. रमेश सिंघल एवं श्री संदीप धनखड़ सहित विषय विशेषज्ञों ने निर्णायक की भूमिका निभाई। सातों थीमों में सात अलग-अलग विद्यालयों की टीमें विजेता बनीं। अब ये विजेता टीमें राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में अपने मॉडल एवं विचारों का प्रदर्शन कर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मुख्य अतिथि डॉ. अनीता जी ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें व्यावहारिक अनुभव, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच भविष्य के वैज्ञानिकों और नवाचारकर्ताओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेंद्र शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और समस्याओं के समाधान की योग्यता विकसित करना आज की शिक्षा की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए विजेता टीमों को राज्य स्तर के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ श्रीमती रीनू यादव ने प्रदर्शनी के आयोजन एवं मूल्यांकन प्रक्रिया की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने सातों थीमों में अपनी प्रतिभा, कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक समझ का प्रभावशाली परिचय दिया है।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. नम्रता सचदेवा ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे दैनिक जीवन की प्रत्येक समस्या का समाधान खोजने का माध्यम है। विद्यार्थियों में प्रश्न पूछने, प्रयोग करने और नए विचारों को साकार करने की भावना विकसित करना ही विज्ञान शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने SCERT, शिक्षा विभाग, निर्णायक मंडल, विज्ञान विशेषज्ञों, सभी प्रतिभागी विद्यालयों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
प्रदर्शनी सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक निरंतर संचालित रही। जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों में विशेष रुचि दिखाई। आगंतुकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के साथ-साथ विद्यालय में की गई व्यवस्थाओं, अनुशासन, सुव्यवस्थित पंजीकरण, बैठक व्यवस्था एवं आतिथ्य की भी मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
*मसानी विद्यालय के लिए यह आयोजन गौरवपूर्ण उपलब्धि रहा।* जिला स्तर के इस बड़े शैक्षणिक आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कर विद्यालय ने विज्ञान शिक्षा, सामूहिक प्रयास और उत्कृष्ट आयोजन क्षमता का प्रभावशाली उदाहरण प्रस्तुत किया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






