कटनी में ब्लैकआउट मॉकड्रिल का सफल आयोजन, आपात स्थिति में बचाव और जनसुरक्षा की तैयारियां परखी गईं भवन में फंसे लोगों को लेडर सीढ़ी से निकाला, घायलों को स्ट्रेचर से पहुंचाया

कटनी में ब्लैकआउट मॉकड्रिल का सफल आयोजन, आपात स्थिति में बचाव और जनसुरक्षा की तैयारियां परखी गईं
भवन में फंसे लोगों को लेडर सीढ़ी से निकाला, घायलों को स्ट्रेचर से पहुंचाया सुरक्षित स्थान; पुलिस, फायर, होमगार्ड और आपदा प्रबंधन की टीम ने दिखाया बेहतर समन्वय।
कटनी। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित बचाव, राहत कार्य और जनसुरक्षा की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से गुरुवार शाम 6 बजे जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कटनी द्वारा ब्लैकआउट मॉकड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान हवाई हमले, आगजनी और बम गिरने जैसी काल्पनिक आपात परिस्थितियां निर्मित कर विभिन्न विभागों की तैयारियों का व्यावहारिक परीक्षण किया गया।
मॉकड्रिल में अग्निशमन विभाग, पुलिस, आपदा प्रबंधन, सिविल डिफेंस, होमगार्ड एवं विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने भाग लिया। अभ्यास के दौरान भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घटनास्थल पर तत्काल बचाव दल पहुंचाने और घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
लेडर सीढ़ी से किया रेस्क्यू, स्ट्रेचर से पहुंचाए घायल
मॉकड्रिल के दौरान भवन में फंसे व्यक्तियों को लेडर सीढ़ी की मदद से सुरक्षित बाहर निकालने का प्रदर्शन किया गया। वहीं घायलों को स्ट्रेचर के माध्यम से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाकर प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सा सहायता देने की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की गई।
अग्नि दुर्घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से अग्निशमन वाहन और बचाव दल को तत्काल रवाना करने तथा कम से कम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की कार्यप्रणाली भी परखी गई।
विभागीय समन्वय और तत्परता का हुआ परीक्षण
मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियों को स्पष्ट करना रहा। अभ्यास के दौरान त्वरित निर्णय क्षमता, उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग और सुरक्षित रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित करने की दक्षता का परीक्षण किया गया।
अधिकारियों के अनुसार इस तरह के नियमित अभ्यास वास्तविक आपदा के समय जनहानि को न्यूनतम करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
मॉकड्रिल में फायर नियंत्रण अधिकारी श्री मृदुल श्रीवास्तव, सहायक फायर प्रभारी श्री शैलेन्द्र दुबे, रक्षित निरीक्षक सुश्री अंजु लकड़ा, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड श्री आर.एस. बघेल, डी.ई. विद्युत विभाग श्री मुकेश महोबे एवं प्लाटून कमांडर होमगार्ड जिला कटनी श्री विजयांश चौधरी सहित नगर परिषद बरही, कैमोर एवं विजयराघवगढ़ के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
मॉकड्रिल के सफल आयोजन से आपदा प्रबंधन की तैयारियों और विभागीय समन्वय को मजबूती मिली। अभ्यास के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नियमित प्रशिक्षण, बेहतर तालमेल और समयबद्ध कार्रवाई बेहद जरूरी है।
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7 — जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाईव न्यूज
📱 7509747686
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






