कटनी में फोर्टिफाइड चावल गबन मामले में बड़ा एक्शन, भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के चार पार्टनर्स पर FIR 31 ट्रकों के 21,765 बोरे यानी 10,797.18 क्विंटल चावल की अफरातफरी का आरोप,

कटनी में फोर्टिफाइड चावल गबन मामले में बड़ा एक्शन, भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के चार पार्टनर्स पर FIR
31 ट्रकों के 21,765 बोरे यानी 10,797.18 क्विंटल चावल की अफरातफरी का आरोप, फर्जी पावती से खुला मामला; कटनी में परिवहन कार्य से फर्म प्रतिबंधित
कटनी। जिले में फोर्टिफाइड चावल के परिवहन में कथित गबन के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस (चाकघाट) के चार पार्टनर्स के खिलाफ रंगनाथ नगर पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा गठित जांच दल की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। वहीं मध्यप्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (नान) भोपाल के प्रबंध संचालक ने संबंधित फर्म को कटनी जिले में उपार्जन एवं खाद्यान्न परिवहन कार्य से प्रतिबंधित कर दिया है।
चार पार्टनर्स के खिलाफ BNS की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला आपूर्ति अधिकारी एवं प्रभारी जिला प्रबंधक रविकांत सिंह ठाकुर ने रंगनाथ नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के चार पार्टनर्स दीपक जैन, किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 338, 336(3), 340(2) एवं 318(4) के तहत अपराध क्रमांक 500/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
31 ट्रकों में भेजे गए 21,765 बोरे चावल की अफरातफरी
जांच में सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के परिवहन अनुबंध के तहत हरदा, नीमच और इंदौर के लिए 31 ट्रकों में फोर्टिफाइड चावल भेजा गया था। इन ट्रकों में कुल 21,765 बोरे चावल लोड थे, जिनका कुल वजन 10,797.18 क्विंटल बताया गया है।
आरोप है कि इतनी बड़ी मात्रा में चावल निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचाया गया। इसके बावजूद फर्म के पार्टनर्स द्वारा चावल की डिलीवरी दर्शाने वाले फर्जी चालान तैयार कर उनकी पावती संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत की गई। जांच में इसे निविदा शर्तों का उल्लंघन, धोखाधड़ी और शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने से जुड़ा गंभीर मामला पाया गया।
दिशा की बैठक में सांसद प्रतिनिधि ने उठाया था मुद्दा
गुरुवार को जिला पंचायत परिसर में आयोजित दिशा की बैठक में बड़वारा के सांसद प्रतिनिधि पदमेश गौतम ने फोर्टिफाइड चावल गबन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। इस पर कलेक्टर आशीष तिवारी ने जांच और संबंधित फर्म के विरुद्ध कार्रवाई के संकेत दिए थे।
इससे पहले 25 नवंबर को हरदा जिला प्रबंधक द्वारा भेजे गए पत्र में 14 ट्रकों की पावती में तकनीकी छेड़छाड़ की पुष्टि किए जाने की जानकारी सामने आई थी। मामला आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर तक पहुंच चुका है। वहीं खाद्य मंत्री ने भी अपर मुख्य सचिव से सात दिन के भीतर जांच प्रतिवेदन तलब किया है।
जांच दल में शामिल रहे ये अधिकारी
कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा गठित जांच दल में निम्नलिखित अधिकारी शामिल रहे—
1. रविकांत सिंह ठाकुर — प्रभारी जिला प्रबंधक, नागरिक आपूर्ति निगम एवं जिला आपूर्ति अधिकारी।
2. आकाश नीरज — तहसीलदार नजूल।
3. अशोक पटाइत — केंद्र प्रभारी, नागरिक आपूर्ति निगम (कटनी, बड़वारा, विजयराघवगढ़ एवं मझगवां)।
4. सुश्री नेहा अहिरवार — केंद्र प्रभारी (बहोरीबंद, स्लीमनाबाद एवं ढीमरखेड़ा)।
अब जांच में सामने आएंगे कई अहम तथ्य
31 ट्रकों के माध्यम से भेजे गए 10,797.18 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल का निर्धारित स्थानों तक नहीं पहुंचना और उसके बदले कथित फर्जी पावती प्रस्तुत किए जाने का मामला बेहद गंभीर है। अब पुलिस विवेचना में परिवहन से जुड़े दस्तावेजों, ट्रकों की आवाजाही, चालानों और पावती की जांच महत्वपूर्ण होगी। इस कार्रवाई से खाद्यान्न परिवहन व्यवस्था में जवाबदेही को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।
—
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7 – जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज
📞 7509747686
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






