A2Z सभी खबर सभी जिले कीLok Sabha Chunav 2024अन्य खबरेउत्तर प्रदेशछत्तीसगढ़झारखंडताज़ा खबरदेशमध्यप्रदेशमहाराष्ट्र

Sonbhadra news:महुली के प्राथमिक विद्यालय डोमगडई टोला में भव्य वार्षिक उत्सव एवं विदाई समारोह संपन्न

नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन, भावुक विदाई के बीच विकास के वादों ने जगाई नई उम्मीद

महुली/सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
दुद्धी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत महुली स्थित प्राथमिक विद्यालय डोमगडई टोला में वार्षिक उत्सव एवं विदाई समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में गांव एवं आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी उदय कुमार शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी राम लखन कन्नौजिया ने माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर विधिवत दीप प्रज्वलन एवं वंदन किया। इसके पश्चात विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने गीत, संगीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।
समारोह के दौरान कक्षा 5 के उन छात्र-छात्राओं को, जो आगे की शिक्षा हेतु कक्षा 6 में प्रवेश कर रहे हैं, अतिथियों द्वारा पेन एवं कॉपी प्रदान कर सम्मानित किया गया। विदाई के इस भावुक क्षण में बच्चों की आंखें नम थीं, वहीं विद्यालय परिवार भी भावनाओं से अभिभूत नजर आया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक सूबेदार प्रसाद अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए, जिससे वातावरण अत्यंत संवेदनशील और भावुक हो उठा।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि उदय कुमार शर्मा ने कहा कि “शिक्षा ही जीवन को सही दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का विकास अत्यंत आवश्यक है, ताकि यहां के बच्चे भी उच्च मुकाम हासिल कर सकें।” उन्होंने विद्यालय तक पहुंचने वाली सड़क एवं बिजली की समुचित व्यवस्था न होने पर चिंता व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में इन समस्याओं के समाधान हेतु प्रयास किए जाएंगे।
वहीं वरिष्ठ समाजसेवी राम लखन कन्नौजिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि “इस भीषण गर्मी में बिजली की कमी के कारण बच्चों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे देखते हुए विद्यालय को शीघ्र ही इनवर्टर उपलब्ध कराया जाएगा।” उनकी इस घोषणा पर बच्चों एवं अभिभावकों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया। उन्होंने आगे यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में विद्यालय के विकास हेतु जो भी आवश्यक संसाधन होंगे, उन्हें उपलब्ध कराने में वे सदैव अग्रसर रहेंगे, ताकि गांव के बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक सूबेदार प्रसाद ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “आप सभी के सहयोग एवं सहभागिता से ही विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। हमारा प्रयास है कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संस्कारयुक्त वातावरण भी प्रदान किया जाए।” उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए परिश्रम, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
इस अवसर पर किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, अख्तर अली, समीर, आंगनबाड़ी कार्यकत्री शीला देवी, सहायक अध्यापकगण, सहायिका सतवंती देवी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!