

बलौदाबाजार, 9 मार्च 2026। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा एक दिवसीय जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले भर की महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर खेल प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसके बाद विभिन्न खेल स्पर्धाओं की शुरुआत हुई। प्रतियोगिता में कुर्सी दौड़, भौंरा, फुगड़ी, मल्लखम्ब और बैडमिंटन जैसी पारंपरिक और आधुनिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—
कुर्सी दौड़: प्रथम – किरण, द्वितीय – पार्वती वर्मा, तृतीय – सुशीला
भौंरा: प्रथम – शशि, द्वितीय – सरिता नायक, तृतीय – प्रितम वर्मा
फुगड़ी: प्रथम – जगेश्वरी, द्वितीय – धनेश्वरी, तृतीय – भारती
मल्लखम्ब: प्रथम – अनाया ठाकुर, द्वितीय – शिवकुमारी, तृतीय – अंजली
बैडमिंटन: प्रथम – अपराजिता, द्वितीय – तान्या, तृतीय – मणिकर्णिका
खेल अधिकारी श्रीमती प्रीति बंछोर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के विजेताओं को खोड़स कश्यप, हेमंत टिकरिहा और सुनीता वर्मा द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपने दैनिक जीवन में खेल को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने यह संदेश दिया कि खेल केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण का भी सशक्त माध्यम है। जिले की महिलाओं और बालिकाओं ने खेल मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर यह साबित किया कि वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की क्षमता रखती हैं।





