A2Z सभी खबर सभी जिले कीTechnologyअन्य खबरेझारखंडरांची

रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में भीषण अग्निकांड, 6 बसें जलकर खाक, इलाके में दहशत।। 

रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में भीषण अग्निकांड, 6 बसें जलकर खाक, इलाके में दहशत।। 

रिपोर्टर राशीद अंसारी 

रांची।झारखंड की राजधानी रांची स्थित खादगढ़ा बस स्टैंड में रविवार को अचानक लगी भीषण आग से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते बस स्टैंड में खड़ी 6 यात्री बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया, वहीं आस-पास के लोग डर के मारे घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खादगढ़ा टीओपी क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड में खड़ी एक बस से पहले धुआं निकलता देखा गया। कुछ ही क्षणों में आग की लपटें उठने लगीं और पास में खड़ी अन्य बसें भी उसकी चपेट में आ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

“आग की चपेट में आईं ये बसें”

इस अग्निकांड में एलडी मोटर, किरण बस, संजय सुपर और झारखंड पर्यटक की दो बसों समेत कुल 6 बसें पूरी तरह जल गईं। राहत की बात यह रही कि घटना के समय सभी बसें खाली थीं, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बताया गया है कि जली हुई बसों में से कोई भी एसी बस नहीं थी।

“दमकल की आधा दर्जन गाड़ियों ने पाया आग पर काबू”

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की लगभग आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बसें पूरी तरह जल चुकी थीं। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर-दराज के इलाकों से भी धुएं का गुबार देखा गया।
साजिश की आशंका जता रहे बस मालिक
घटना के बाद बस मालिकों में भारी रोष देखा गया। कुछ बस मालिकों का कहना है कि यह हादसा संदिग्ध है और इसमें साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उनका दावा है कि किसी ने जानबूझकर आग लगाई हो सकती है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

“पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे”

मौके पर पहुंचे लोअर बाजार थाना प्रभारी रणविजय शर्मा ने बताया कि आग लगने के कारणों की गहन जांच की जा रही है। बस स्टैंड में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। यदि फुटेज में कोई व्यक्ति आग लगाते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!