A2Z सभी खबर सभी जिले की

आम रास्ते पर बने अवैध निर्माण पर नगर पालिका द्वारा की गई कार्यवाही

सीधी । नगरपालिका सीधी के वार्ड क्रमांक 08 में आम रास्ते पर बने अवैध निर्माण पर नगर पालिका द्वारा शुक्रवार को बड़ी कार्यवाही की गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी मिनी अग्रवाल की अगुवाई में अतिक्रमण दस्ता द्वारा बड़ी कार्यवाही करते हुए वार्ड क्रमांक 08 में आम रास्ते में निर्मित अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन द्वारा हटाया गया। अवैध निर्माण से वहां रहने वाले रहवासियों को आने जाने में समस्या हो रही थी जिस कारण नगर पालिका की अतिक्रमण दस्ता द्वारा कार्यवाही करते हुए मार्ग से अवैध निर्माण हटाया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा बताया गया कि अवैध निर्माण के खिलाफ इस तरह की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
—————–
युवा दिवस पर होगा सामूहिक सूर्यनमस्कार का आयोजन
सीधी । युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी 2025 को सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया जावेगा। जिलास्तरीय कार्यक्रम शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर मा.वि. क्रमांक 1 सीधी के मैदान में सम्पन्न कराया जायेगा। इस कार्यक्रम में प्रातः 8.30 से 9 बजे के मध्य छात्रों एवं अन्य अतिथियों का एकत्रीकरण होगा जिसमें छात्रों एवं अन्य अतिथियों को अपने निर्धारित स्थलों पर बैठने की व्यवस्था की जायेगी। इसके पश्चात अतिथिगणों द्वारा दीप प्रज्वलन किया जायेगा। साथ ही माॅ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्रों पर माल्यार्पण अतिथियों द्वारा किया जायेगा। तद्पश्चात 9.25 से 9.30 तक अतिथिगणों का उद्बोधन पश्चात 9.30 मिनट से 10.15 मिनट के मध्य राष्ट्रगीत वन्दे मातरम का गायन स्वामी विवेकानंद जी की वाणी, मुख्यमंत्री जी का संदेश, सामूहिक सूर्य नमस्कार तथा 10.15 से 10.30 बजे तक आभार एवं कार्यक्रम समापन किया जायेगा।
—————–
नेशनल एनिमल डीजीज कंट्रोल प्रोग्राम के अंतर्गत एफएमडी टीकाकरण कार्यक्रम 15 फरवरी तक जारी रहेगा
सीधी । उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने जानकारी देकर बताया है कि संचालनालय पशुपालन एवं डेयरी विभाग भोपाल के पत्र दिनांक 19.12.2024 के अनुसार जिले में नेशनल एनिमल डीजीज कंट्रोल प्रोग्राम के अंतर्गत एफएमडी (मुंह पका एवं खुर पका रोग) टीकाकरण कार्यक्रम 01.01.2025 से 15.02.2025 तक पूर्ण किया जाना है। एफएमडी टीकाकरण कार्यक्रम निःशुल्क भैसवंशीय पशुओं में किया जाना है। टीकाकरण कार्य के सम्पादन के लिए जिले में पदस्थ सभी पशु चिकित्सकों एवं सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों के द्वारा किया जावेगा। जिले के समस्त पशुपालक पशु पालन विभाग की नजदीकी संस्थाओं से टीकाकरण कराने में सहयोग प्रदान करें।
—————–
‘‘कॉलेज चलो अभियान‘‘ के प्रथम चरण का शुभारंभ
सीधी । मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुपालन एवं शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय मझौली की प्राचार्य डॉ गीता भारती के निर्देशन में ‘‘कॉलेज चलो अभियान‘‘ का शुभारंभ किया गया। अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापकों एवं अतिथि विद्वानों द्वारा शासकीय सीएम राइस शासकीय उच्चतर माध्यमिक पथरौला, शास उच्च माध्यमिक विद्यालय खड़ौरा, शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय मझौली एवं सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मझौली के विद्यार्थियों को 2025-26 की प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी दी गई। डॉ सुरेश कुमार तिवारी द्वारा केंद्रीय राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार विषय चयन, बहुआगमन एवं निगमन तथा क्रेडिट सिस्टम के बारे में जानकारी दी गई। डॉ संदीप कुमार शर्मा द्वारा स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के अंतर्गत संचालित गतिविधियों, भारतीय ज्ञान परंपरा, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राज्य तथा केंद्र सरकार द्वारा विद्यार्थियों के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। डॉ भावना नागेंद्र द्वारा महाविद्यालय में उपलब्ध संसाधनों जैसे स्मार्ट क्लासरूम, प्रयोगशालाएं, खेल का मैदान एवं पुस्तकालय से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। डॉ वहीदुनिशा द्वारा विद्यार्थियों को मेजर, माइनर, ओपन इलेक्टिव,वोकेशनल एवं फील्ड प्रोजेक्ट के साथ-साथ एकेडमिक बैंक का क्रेडिट आदि के बारे में रूबरू कराया गया। इस अभियान में पथरौला के प्रभारी प्राचार्य शैलेंद्र सिंह के साथ साथ अन्य विद्यालयों के प्राचार्य विजय सिंह, बृजेश मिश्रा, राजेन्द्र तिवारी एवं अन्य शिक्षकों सराहनीय योगदान दिया गया।

Back to top button
error: Content is protected !!