
खलारी में टीएसपीसी की दहशत, हवाई फायरिंग से क्षेत्र में अफरा-तफरी।।
“सीआईएसएफ की मौजूदगी में घटना, पर्चा फेंक कर फरार हुए हथियारबंद अपराधी”
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
खलारी | खलारी क्षेत्र में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) ने एक बार फिर दहशत फैलाने की कोशिश की है। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे डकरा कांटा घर के समीप दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने तीन राउंड हवाई फायरिंग की। घटना के समय मौके पर सीआईएसएफ के जवान मौजूद थे, इसके बावजूद अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग भयभीत हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग के बाद अपराधियों ने मौके पर टीपीएससी का पर्चा फेंका और फरार हो गए। पर्चे में कोयला से जुड़े डीओ होल्डर, लिफ्टर और समिति से जुड़े लोगों को संगठन की अनुमति के बिना कार्य नहीं करने की चेतावनी दी गई है। चेतावनी का पालन नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की खुली धमकी दी गई है, जिससे कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में भय का माहौल व्याप्त हो गया है। पर्चे के अनुसार सुदर्शन जी ने घटना की जिम्मेवारी ली है।
घटना की सूचना मिलते ही खलारी पुलिस हरकत में आ गई। डीएसपी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मौके से एक खोखा भी बरामद किया है। इसके बाद पूरे क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए इलाके में नाकेबंदी कर जांच तेज कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच की जा रही है। साथ ही, क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इस घटना के बाद खलारी समेत आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। कोयला कारोबार से जुड़े लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। पुलिस ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।







