

शेयर टू शाइन” थीम पर प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित
छात्राओं को सेवा, करुणा और सकारात्मक सोच का दिया संदेश
भभुआ/चैनपुर। चैनपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, सिरसी (चैनपुर) में मंगलवार को “आर्ट ऑफ़ गिविंग” अभियान के तहत “शेयर टू शाइन” थीम पर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व आर्ट ऑफ़ गिविंग के बिहार ब्रांड एंबेसडर शिवम कुमार ने किया। कार्यक्रम में छात्राओं को समाज सेवा, करुणा, सकारात्मक सोच और मानवीय मूल्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवम कुमार ने कहा कि “आर्ट ऑफ़ गिविंग” केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक जीवन दर्शन है, जो दया, प्रेम, उदारता और शांति के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि समाज में एक-दूसरे की सहायता करने और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशील बनने से ही बेहतर समाज का निर्माण संभव है।
उन्होंने छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि जीवन में छोटी-छोटी मदद भी किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सकती है। इसलिए सभी लोगों को सेवा और सहयोग की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि “आर्ट ऑफ़ गिविंग” का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सहायता पहुंचाना और आपसी भाईचारे एवं सहयोग की भावना को मजबूत करना है।
इस दौरान शिवम कुमार ने आर्ट ऑफ़ गिविंग के संस्थापक डॉ. अच्युत सामंत को निःस्वार्थ सेवा और सकारात्मक सोच का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके विचार युवाओं को समाज के प्रति जिम्मेदार बनने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षकों ने समाज में “देने की संस्कृति” को बढ़ावा देने तथा इसे जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक बाबूलाल राम, शिक्षक राजेंद्र प्रसाद, श्रुति प्रज्ञा, पूनम कुमारी, अरुण कुमार राम, अमरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)









