A2Z सभी खबर सभी जिले कीTechnologyअन्य खबरेहरियाणा

जनसहयोग से अपराध पर प्रहार: पुलिस–पब्लिक समन्वय बैठक में नशा तस्करी, अपराध नियंत्रण पर विशेष बल

जनसहयोग से अपराध पर प्रहार: पुलिस–पब्लिक समन्वय बैठक में नशा तस्करी, अपराध नियंत्रण पर विशेष बल

रिपोर्टर इन्द्र जीत प्रजापति

स्थान कालावाली

*नशे को जड़ से मिटाने के लिए जनभागीदारी की अपील*
डबवाली, 31 मार्च। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सोमवार को पुलिस–पब्लिक समन्वय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक पुलिस अधीक्षक डबवाली निकिता खट्टर आईपीएस की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समिति सदस्यों ने भाग लेते हुए क्षेत्र में नशा तस्करी पर रोकथाम, अपराध नियंत्रण तथा कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया।
बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक डबवाली ने कहा कि नशा तस्करी समाज की जड़ों को खोखला करने वाला गंभीर अपराध है, जिससे प्रभावी तरीके से निपटने के लिए पुलिस और आमजन का संयुक्त प्रयास आवश्यक है। उन्होंने समिति सदस्यों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा नशा पीड़ित युवाओं को उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी, जिससे लोग बिना किसी भय के पुलिस का सहयोग कर सकें।
बैठक के दौरान अवैध शराब, चोरी, लूट, साइबर अपराध सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम को लेकर भी चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों की समय रहते सूचना मिलने से अपराधों को घटित होने से पहले ही रोका जा सकता है, जिसमें पुलिस–जनता समन्वय की भूमिका अत्यंत अहम है।
इस दौरान पतंगबाजी में उपयोग किए जा रहे प्रतिबंधित चाइनीज मांजा पर भी गंभीर चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह मांजा अत्यंत धारदार और जानलेवा होता है, जिससे गले कटने, सड़क दुर्घटनाओं और पक्षियों की मौत जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि सरकार द्वारा इसके उपयोग, बिक्री व भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
उन्होंने समिति सदस्यों से अपील की कि वे दुकानदारों व आमजन को जागरूक करें कि प्रतिबंधित चाइनीज मांजा का न तो उपयोग करें और न ही इसकी बिक्री या भंडारण करें। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनहित में अपील:
यदि कहीं भी चाइनीज मांजा की बिक्री या भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आपकी सतर्कता किसी की जान बचा सकती है।
बैठक के दौरान समिति सदस्यों ने भी अपने सुझाव साझा किए और नशा मुक्त व अपराध मुक्त डबवाली के निर्माण में पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक के समापन पर पुलिस अधीक्षक डबवाली ने कहा कि डबवाली पुलिस जनता के विश्वास के साथ मिलकर एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
डबवाली पुलिस की अपील—जनसहयोग से ही सुरक्षित भविष्य और नशा मुक्त समाज का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

Back to top button
error: Content is protected !!