
सिद्धार्थ नगर।
बांसी। खेसरहा थाना क्षेत्र के सकारपार चौकी अंतर्गत ग्राम पर्रोई में शुक्रवार की सुबह जमीनी रंजिश ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। अदालत में लंबित भूमि विवाद के चलते दो पक्षों में पहले से तनाव चल रहा था, जो आज हिंसा में बदल गया। खेत की ओर जा रहे एक पक्ष के चार लोगों पर घात लगाए बैठे विपक्षी पक्ष ने अचानक हमला कर दिया। लाठी-डंडों और हॉकी से हुई पिटाई में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना ग्राम निवासी ओंकार पांडेय और उनके पट्टीदार परमहंस के बीच जमीन विवाद से जुड़ी है। अदालत के आदेश पर विवादित जमीन परती छोड़ी गई थी, लेकिन आरोप है कि परमहंस ने उसे जोत लिया। इस पर दोनों पक्षों में तनातनी हुई, जिसे गांव वालों ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया था।
पीड़ित पक्ष के निहाल पांडेय ने बताया कि आज सुबह करीब आठ बजे वह अपने पिता ओंकार पांडेय, बड़े पिता त्रियुगी पांडेय और चाचा झिनकु के साथ खेत जा रहे थे। तभी परमहंस और उनके बेटे जयकृष्ण, बाल कृष्णा और हरिकृष्ण लाठी-डंडों और हाकी लेकर घात लगाए बैठे थे। आरोप है कि इन लोगों ने रास्ता रोककर चारों पर हमला कर दिया।
हमले में निहाल पांडेय का दाहिना पैर, तथा बड़े पिता त्रियुगी पांडेय का बायां पैर और हाथ टूट गया। ओंकार पांडेय और झिनकु को भी गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।
थानाध्यक्ष खेसरहा अनूप कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर दूसरे पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा
रही है।













