

पुलिस लाइन डबवाली में गूंजा बल और पराक्रम का संदेश
डबवाली पुलिस के जवानों ने दंगा रोधी उपकरणों के साथ किया दंगा नियंत्रण का सघन अभ्यास
रिपोर्टर इन्द्र जीत
लोकेशन कालावाली
डबवाली, 30 जनवरी । पुलिस अधीक्षक डबवाली निकिता खट्टर आईपीएस के निर्देशन व कम्पनी कमांडर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कपिल अहलावत के नेतृत्व में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा किसी भी आपात एवं दंगा जैसी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से पुलिस लाइन डबवाली में दंगा नियंत्रण का विशेष अभ्यास आयोजित किया गया । इस अभ्यास में डबवाली पुलिस के जवानों ने दंगा रोधी उपकरणों के साथ अनुशासन, साहस एवं सामूहिक समन्वय का प्रभावशाली प्रदर्शन किया ।
अभ्यास के दौरान एएसआई गुलाब सिंह द्वारा जवानों को दंगा नियंत्रण में प्रयुक्त आधुनिक उपकरणों जैसे दंगा रोधी ढाल, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, लाठी, बैरिकेडिंग उपकरण आदि का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने की चरणबद्ध रणनीति, सुरक्षा घेरा (फॉर्मेशन) बनाना, आक्रामक भीड़ को न्यूनतम बल प्रयोग के साथ नियंत्रित करना, संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा, तथा आपसी तालमेल के साथ त्वरित कार्रवाई करने की तकनीकों का अभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डबवाली ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के नियमित अभ्यास पुलिस बल की कार्यक्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं । उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है तथा किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में संयम, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करना आवश्यक है । आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को हर समय सतर्क व तैयार रहना चाहिए ।
डबवाली पुलिस इस तरह के प्रशिक्षण अभ्यासों के माध्यम से अपनी तैयारियों को लगातार मजबूत कर रही है, ताकि किसी भी कानून व्यवस्था संबंधी चुनौती का प्रभावी, त्वरित और नियंत्रित तरीके से सामना किया जा सके तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे । इस तरह के अभ्यास भविष्य में जारी रहेंगे ।







