
डीएम शिवशरणप्पा जी. एन. ने सिद्धार्थ गैस सर्विस का किया निरीक्षण, सुरक्षा और पारदर्शिता के दिए निर्देश
जनपद में आमजन को रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी.एन. ने बर्डपुर स्थित सिद्धार्थ गैस सर्विस का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गैस एजेंसी में उपलब्ध व्यवस्थाओं, अभिलेखों तथा उपभोक्ताओं को दी जा रही सेवाओं का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने गैस सिलेंडरों के भंडारण स्थल का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए। साथ ही अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता की भी जांच की तथा उन्हें हमेशा कार्यशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने एजेंसी में उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं जैसे प्रतीक्षालय, पेयजल, शिकायत पंजी और वितरण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एजेंसी संचालक को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने गैस वितरण से संबंधित अभिलेखों की जांच करते हुए उपभोक्ताओं की बुकिंग, डिलीवरी और स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अभिलेख अद्यतन रखे जाएं और वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित उपभोक्ताओं से बातचीत कर गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी ली। उन्होंने एजेंसी संचालक को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को समयबद्ध और सुगम तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को भी किसी प्रकार की असविधा न होने पाए।










