
पंचायत स्तरीय किसान गोष्ठी का आयोजन, किसानों को वैज्ञानिक खेती पर मिला विशेषज्ञ मार्गदर्शन
हाटा कुशीनगर सुकरौली ब्लॉक कैम्पस में बुधवार को पंचायत स्तरीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। नगर पंचायत सुकरौली में आयोजित गोष्ठी के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष राजनेति कश्यप और विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र पासवान थे।

खंड विकास अधिकारी उषा पाल और एडीओ एजी प्रवीण ओझा भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कृषि वैज्ञानिक अरुण प्रताप ने किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक खेती के तरीकों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उन्नत तकनीक अपनाकर किसान कम लागत में अधिक उपज प्राप्त कर सकते हैं। किसानों को कीटनाशकों के सही उपयोग, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित प्रयोग और रोग प्रबंधन के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई। गोष्ठी में सुकरौली निवासी किसान रामधनी सिंह ने मिट्टी परीक्षण की प्रक्रिया पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों को अक्सर यह जानकारी नहीं होती कि उनकी भूमि में किस पोषक तत्व की कमी है। इसके जवाब में कृषि वैज्ञानिक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा मिट्टी परीक्षण की व्यवस्था उपलब्ध है।

किसान अपनी मिट्टी का नमूना पैक करके, उस पर अपना नाम और मोबाइल नंबर लिखकर किसी भी कृषि गोदाम पर जमा कर सकते हैं। वैज्ञानिक ने यह भी चेतावनी दी कि फार्मर रजिस्ट्री न कराने पर किसानों की किसान सम्मान निधि रुक सकती है। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्री के लिए विभागीय कर्मचारी गांव-गांव जाकर काम कर रहे हैं, और किसान सहज जन सेवा केंद्र पर भी जाकर पंजीकरण करा सकते हैं।

जानकारी के अनुसार, सुकरौली स्थित मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला जर्जर होने के कारण इसे जिला मुख्यालय स्थानांतरित कर दिया गया है। किसानों का कहना है कि मिट्टी जांच के लिए जिले तक जाना उनके लिए समय और खर्च दोनों के लिहाज से संभव नहीं है। हालांकि, कृषि वैज्ञानिक दावा करते हैं कि विभागीय कर्मचारी स्वयं मिट्टी जांच के नमूने जिले तक पहुंचाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर यह व्यवस्था प्रभावी नहीं दिख रही है। गोदाम इंचार्ज जय कुमार ने बताया कि उनके पास विभिन्न प्रकार के बीज उपलब्ध हैं, जिन्हें किसान बोकर बेहतर पैदावार प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में श्लोक शर्मा ,पिंटू कश्यप ,सुभाष पाण्डेय, लालमन प्रसाद, कृषि बिभाग के कर्मचारी के साथ बड़ी संख्या में महिला व पुरुष किसान उपस्थित रहे |





