
जांजगीर-चांपा :– जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पिता ने अपने ही 5 वर्षीय मासूम बेटे को नहर के गहरे पानी में डुबोकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी रेशम लाल यादव (27 वर्ष) निवासी ग्राम भैसो, थाना पामगढ़ ने 13 मार्च की शाम अपने बेटे आयुष को साथ लेकर घर से निकला था। पारिवारिक विवाद के कारण उसकी पत्नी पहले ही दो बेटियों को लेकर मायके ग्राम भिलौनी चली गई थी, जबकि बेटा उसके पास ही रह रहा था।
बताया जा रहा है कि आरोपी अक्सर पत्नी को फोन कर बेटे को मारने और खुद आत्महत्या करने की धमकी देता था। 13 मार्च की रात करीब 1 बजे उसने ग्राम भिलौनी के आवास पारा नहर में बेटे को पानी में डुबोकर हत्या कर दी। इसके बाद रात करीब 2 बजे वह पत्नी के घर पहुंचा और खुद ही बेटे की हत्या करने की बात बताई।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पामगढ़ सावन सारथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।










