
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा ✅ श्री बंशीधर नगर बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल, सिरियाटोंगर में आयोजित तीन दिवसीय सॉकर रोबोटिक्स कार्यशाला का समापन मंगलवार को भव्य रूप से संपन्न हो गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि गढ़वा के एसडीएम संजय पांडेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने सरस्वती माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर की।
कार्यशाला के दौरान विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने अपने हाथों से बनाए गए रोबोट का संचालन किया और रोबोट्स के माध्यम से फुटबॉल मैच खेलकर अपनी तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। छात्रों का उत्साह और रोबोटिक्स के प्रति उनकी रुचि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। एसडीएम संजय पांडेय ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी जानकारी ली और स्वयं भी रोबोट का संचालन कर उनका उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के तकनीकी ज्ञान को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें नई दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के निदेशक मनीष सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान से जोड़कर उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना है। सह-निदेशक युवराज सिंह ने कार्यशाला को विद्यार्थियों के लिए एक अनमोल अनुभव बताया।
विद्यालय के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने कहा कि संस्थान सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है और इस तरह के कार्यक्रम उसी दिशा में एक प्रयास हैं। प्राचार्य रवीश प्रजापति ने कहा कि इस कार्यशाला से विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक सोच का विकास हुआ है।
कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों को टेकरेडीएन्स एवं विद्यालय की ओर से मुख्य अतिथि के हाथों प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही यह घोषणा की गई कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 7 विद्यार्थियों को 4 एवं 5 अप्रैल को आईआईटी दिल्ली में आयोजित फाइनल प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन में कोऑर्डिनेटर राज कुमार, अनामिका प्रजापति, आसिफ अली के साथ-साथ शिक्षिकाएं भावना ओझा, गार्गी जायसवाल, प्राची पाठक, अलका तिवारी, नीतू सिंह, रीचा सिंह, मुस्कान सिंह, कोमल केशरी एवं मुकेश चंद्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर गढ़वा के वरिष्ठ पत्रकार अविनाश कुमार सिंह, धीरेंद्र चौबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।










