
पीलीभीत। जनपद की ज्वलंत समस्याओ के निदान की मांगों को लेकर विकास भवन गेट पर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारी और कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। इस दौरान किसानों की ओर से अनेक मांगों को लेकर जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया।

भाकियू टिकैत के युवा जिलाध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी ने कहा कि किसान विकास भवन मे इसलिए आये है कि जनपद का विकास, विकास भवन से ही होता है। जबकि यहां से योजनाए किसानों तक नहीं पहुंच पाती हैं। केवल दलालों को ही योजनाओं का लाभ पहुंचाकर पैसों को ठिकाने लगा दिया जाता है। कई जरूरतमंद पात्र गरीब परिवार को आवास एवं पेंशन का लाभ नही मिल पाता है। माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग 15 दिनों से बंद पड़ा है, जिस पर अब तक आवागमन शुरू नहीं हो सका है। संपर्क मार्ग कटने से लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। अंजान व्यक्ति भटकने के लिए मजबूर हैं। लगभग 20 गांवों के लोगों को आवागमन के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। साथ ही आवारा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं मे भेजा जाए, साधन सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा मे उर्वरक उपलब्धता, नहरों व माइनरों मे सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जाए, ऐसी ही 17 मांगों कों लेकर किसान विकास भवन गेट पर धरना प्रदर्शन किया गया।

किसान नेता गुरदीप सिंह गोगी का कहना है कि अफसरों के आने के बाद ठोस आश्वासन मिलने पर ही धरना समाप्त किया जाएगा।
इस दौरान जिलाध्यक्ष गुरदीप सिंह, वेदप्रकाश शर्मा, सतविंदर सिंह , नागेंद्र सिंह, नानक सिंह, नेमचंद वर्मा,प्यारेलाल वर्मा, वीरपाल, धर्मेंद्र कुमार, गुरजीत सिंह, आकाश आदि कई कार्यकर्ता व किसान शामिल रहे।




