A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेमध्यप्रदेशसागर

मकरोनिया और कर्रापुर निकायों की समीक्षा बैठक विधायक लारिया ने ली

पेयजल और आवास योजनाओं पर दिए कड़े निर्देश

सागर,वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने नगर पालिका परिषद मकरोनिया एवं नगर परिषद कर्रापुर की पृथक-पृथक समीक्षा बैठक ली। मकरोनिया नगर पालिका कार्यालय में आयोजित इस बैठक में विधायक ने विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचना सुनिश्चित किया जाए।
मकरोनिया नगर पालिका की बैठक के दौरान विधायक लारिया ने आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए पेयजल आपूर्ति की कार्ययोजना पर विशेष बल दिया। वर्तमान में मकरोनिया को नगर निगम द्वारा 7 MLD (मिलियन लीटर प्रतिदिन) पानी मिल रहा है। विधायक ने इसे बढ़ाकर 11 MLD करने हेतु नगर निगम सागर के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक वार्ड में सुचारू जलापूर्ति हो सके। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही तकनीकी कारणों से योजना से वंचित न रहे। उन्होंने इसके लिए डेटा का गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए।नगर परिषद कर्रापुर की समीक्षा के दौरान विधायक ने पेयजल समस्या के स्थाई समाधान पर चर्चा की। विधायक श्री लारिया ने बताया कि कर्रापुर की वृहद पेयजल परियोजना के लिए 28 करोड़ रुपये की राशि का टेंडर हो चुका है। विधायक लारिया ने निर्देश दिए कि जब तक स्थाई परियोजना पूर्ण नहीं होती, तब तक गर्मी के मद्देनजर वैकल्पिक एवं अस्थाई व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं ताकि नागरिकों को परेशानी न हो। बैठक में दोनों निकायों के लंबित विकास कार्यों, अधोसंरचना निर्माण और स्वच्छता अभियान की भी विस्तृत समीक्षा की गई। विधायक लारिया ने गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मिहिलाल, भानुप्रताप सिंह, विभिन्न वार्डों के पार्षदगण, मकरोनिया सीएमओ पवन शर्मा, कर्रापुर सीएमओ आर.डी.अवस्थी, उपयंत्री एवं अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!